बिहारशरीफ में कामगार की ईट-पत्थर से कूच कर हत्या, बवाल

बिहारशरीफ में कामगार की ईट-पत्थर से कूच कर हत्या, बवाल

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ला में बुधवार की देर शाम एक कामगार की बदमाशों ने ईंट-पत्थर से कूच-कूच कर कुएं के पीछे फेंक दिया। बाद में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लहेरी थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर बड़ी पहाड़ी स्थित एक कुएं के पीछे से कामगार को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लेकर आई जहां से भगवान महावीर पावापुरी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कामगार सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर मोहल्ला निवासी स्व. गीरू पासवान के 20 वर्षीय पुत्र करण पासवान है। घटना के विरोध में गुरुवार की सुबह स्वजन व आक्रोशित लोगों ने हास्पीटल मोड़ पर शव को रखकर करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। मौके पर पहुंची लहेरी व बिहार थाने की पुलिस के साथ बिहारशरीफ बीडीओ अंजन दत्ता व वार्ड पार्षद अजय पासवान ने लोगों को समझा कर जाम हटवाया। जाम कर रहे लोग हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ मुआवजे की मांग कर रहे थे। घटना के बारे में मृतक करण पासवान का भाई भारत पासवान ने बताया कि उसका भाई मजदूरी करता था। बुधवार की रात करीब आठ बजे वह मुझसे सौ रुपये लेकर किसी काम से घर से बाहर निकल गया। रात करीब 9 बजे किसी ने गंभीर हालत में उसे बड़ी पहाड़ी कुएं के पास होने की बात कही। जानकारी मिलते ही उक्त जगह पर पहुंचा तो उसका सिर ईंट-पत्थर से कूचा हुआ था और वे मरणासन्न अवस्था पर पड़ा था। इसके बाद इसकी सूचना लहेरी थाने को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच कर गंभीर कामगार को सदर अस्पताल लाया, जहां से उसे विम्स रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। आखिर किस वजह से किसने की इसकी हत्या, पुलिस के लिए बनी चुनौती मृतक करण का भाई भारत पासवान ने बताया कि उसके भाई का किसी से दुश्मनी नहीं थी। अभी तो इसकी शादी भी नहीं हुई थी। इधर, लहेरी थाना पुलिस कामगार की हत्या के पीछे क्या राज है। इसमें किसकी संलिप्ता है पूरी जांच में जुट गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। लहेरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि हत्यारा कोई भी हो पुलिस उसे जल्द ही गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दी गई है।

अन्य समाचार