भाकपा माले ने निकाला आजादी मार्च, शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प

भाकपा माले ने निकाला आजादी मार्च, शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प

अरवल : संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ शहीदों के सपनों का भारत बनाओ नारे के साथ शहर के विभिन्न मार्गों पर गुरुवार को भाकपा माले के द्वारा आजादी मार्च निकाला गया। गांधी पुस्तकालय में स्थापित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा एवं 1942 के शहीदों के स्मारक पर माल्यार्पण किया गया। आजादी मार्च में दर्जनों बाइक सवार शामिल हुए। आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मार्ग से होते हुए बैदराबाद तक पहुंचा। सदर प्रखंड पहुंच कर 1942 के शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में बने स्मारक पर माल्यार्पण किया गया। बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। आजादी मार्च का नेतृत्व भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य स्थानीय विधायक महानंद सिंह, जिला सचिव जितेंद्र यादव, राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र जाधव, उपेंद्र पासवान, जिला पार्षद शाह शाद, टूना शर्मा, शोएब आलम और रामकुमार सिन्हा ने किया। विधायक महानंद सिंह ने कहा कि अगस्त महीना बदलाव का महीना रहा है। आजादी के दीवानों ने अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल फूंकने का काम किया था। अंग्रेजों को भारत छोड़ो का नारा दिया था। इसका नतीजा हुआ कि हर थाना मुख्यालय पर कुर्बानी देनी पड़े और जेल जाना पड़ा। अरवल में भी आजादी के दीवानों को कुर्बानी देनी पड़ी है और जेल जाना पड़ा। कुर्बानी के बल पर यह आजादी मिली है। आज आजादी के दीवाने के सपनों का भारत बनाने के बजाय नफरत और भेदभाव कायम किया जा रहा है, जो हमारे पुरखों का अपमान है। अपने पुरखों के नक्शे कदम पर चलते राजनीतिक तौर पर बिहार ने आज पूरे देश के लिए नजीर पेश की है। बिहार में ऐसा गठबंधन बना, जो भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम किया। सभा की अध्यक्षता उपेंद्र पासवान ने की।

अन्य समाचार