राम जानकी ठाकुरबाड़ी में झूलन महोत्सव का हुआ आयोजन

संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा) : शहर के गोसाईं टोला स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी मठ परिसर में शुक्रवार को झूलन महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, महंत गिरधर दास महाराज, बीडीओ अनिल कुमार, सीओ मुकेश कुमार सिंह, नपं ईओ सुजीत कुमार, आरओ विजय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का महंत गिरधर दास महाराज ने बुके देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में इप्टा के कलाकारों द्वारा विलुप्त होती जा रही लोक संस्कृति जट-जटिन की बेहतरीन प्रस्तुति की गई। साथ ही मैथिली गीत से दर्शकों का मन मोह लिया। सृजन दर्पण के कलाकारों ने राधा और कृष्ण पर आधारित कई गीतों पर नृत्य कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों की भीड़ से खचाखच भरा पंडाल से तालियों की गड़गड़ाहट तब गूंजने लगी जब नवाचार रंगमंडल के कलाकार जय हिद की प्रस्तुति लेकर मंच पर उतरे। देश भक्ति से ओतप्रोत यह कार्यक्रम के माध्यम से कलाकरों ने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाने में सफल रहे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए गए। आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष सोनू कुमार सहित अन्य सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दशक के बाद झूलन महोत्सव का आयोजन राम जानकी ठाकुरबारी गोसाईं टोला में किया जा रहा है। मुरलीगंज के प्राचीन ठाकुरबारी मठ के उत्थान के लिए झूलन महोत्सव का आयोजन किया गया है। नपं वार्ड चार के निवर्तमान पार्षद डा. मनोज कुमार यादव ने स्वागत संबोधन किया। मौके पर निर्वतमान श्वेत कमल उर्फ बौआ यादव, बाबा दिनेश मिश्रा, ब्रजेश यादव, रामजी प्रसाद साह, उपेंद्र आनंद, गौतम यादव, गोलडू यादव, चतुरानंद सिंह, पपलू यादव, विश्वजीत कुमार उर्फ पिटू यादव सहित आयोजन निगरानी समिति और आयोजक कमेटी के सभी सदस्य मुख्य रूप से मौजूद थे।

अन्य समाचार