बहनों ने भाई की कलाई पर बांधी राखी, की दीर्घायु की कामना

जागरण टीम, सुपौल : रक्षाबंधन को लेकर शुक्रवार को काफी चहल-पहल रही। हालांकि गुरुवार को भी बहनों ने भाई को राखी बांधी। विद्वानों की राय में पूर्णिमा तिथि के दो दिन रहने के कारण दो दिन लोगों ने रक्षाबंधन मनाया। जो भी हो लेकिन भाई-बहन के प्रेम के इस पर्व को लेकर उल्लास गजब का था। कहीं बहनें अपने भाई के घर जा रही थीं तो कहीं भाई उनके घर। कहीं बहनें भाई का इंतजार कर रही थी तो कहीं भाई उनके उनके घर पहुंचने की जल्दबाजी में नजर आए। इस आने-जाने के कारण जिले की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक थी। बसों में भीड़ भी सामान्य दिनों से अधिक थी। राखी की और मिठाई की दुकानों पर जुटी भीड़ तो मेले को भी मात दे रही थी। जगह-जगह या यह कहें कि हर जगह राखी के गीत गूंज रहे थे। इन सबके बीच बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की।


संवाद सूत्र, करजाईन बा•ार के अनुसार : रक्षाबंधन को लेकर शुक्रवार को बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। सड़कों पर दिनभर गतिविधियां तेज रही। करजाईन बा•ार, रतनपुर नया व पुराना बा•ार, बायसी काली स्थान, फकीरना चौक, समदा चौक, भगवानपुर आदि जगहों पर गुरुवार से शुरू हुई खरीदारी का दौर शुक्रवार की देर शाम तक चला। बहनों ने भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए राखी के साथ मिठाइयों की भी खरीदारी की। राखी व मिठाईयों की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ती रही। श्रावणी पूर्णिमा का दिन होने के कारण शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। भगवानपुर पंचायत के चांदनी चौक, समदा स्थित ब्राइट वे बोर्डिंग स्कूल के बच्चों ने एसएसबी जवानों के कलाईयों पर राखी बांधी।
संवाद सूत्र, लौकहा बाजार के अनुसार : सदर प्रखंड अंतर्गत लौकहा, अमहा, हरदी पश्चिम, हरदी पूरब चौघारा, लाउढ, करिहो आदि स्थानों पर रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
संवाद सूत्र सरायगढ़ के अनुसार : रक्षाबंधन को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर काफी चहलकदमी बनी थी। इस बार रक्षाबंधन का पर्व दो दिन मनाया गया। अलग-अलग जगह से मिली जानकारी अनुसार कुछ लोगों ने रक्षाबंधन का पर्व गुरुवार के दिन मनाया तो अधिकांश लोग शुक्रवार के दिन इस पर्व को मनाया। रक्षाबंधन को लेकर भपटियाही बाजार में गुरुवार तथा शुक्रवार के दिन काफी भीड़ दिखाई दी। दुकानों में बहनें अपने भाई के लिए राखी खरीद रही थी तो कई जगह लोग बहन के लिए उपहार की खरीदारी कर रहे थे।
संवाद सूत्र, राघोपुर के अनुसार : रक्षाबंधन पर्व को लेकर विवाहित महिलाएं अपने भाईयों के घर पहुंचीं, तो युवतियों ने भी अपने भाई के कलाई पर राखी बांध सुख-समृद्धि की कामना की। मिठाई व फल की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। रोली, चंदन, अक्षत का बहनों ने भाई के माथे पर पहले तिलक किया और फिर उनकी कलाई पर राखी बांधकर व मुंह मीठा करवाते हुए भगवान से सुख समृद्धि, खुशहाली और तरक्की की कामना की। संवाद सूत, छातापुर के अनुसार : रक्षाबंधन प्रखंड क्षेत्र में दो दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाईयों से प्यार बांध कर उनसे अपनी रक्षा का वचन लिया। इस अवसर पर जहां बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांध उनके दीर्घायु होने की कामना की तो वहीं भाईयों ने भी अपनी बहनों को सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी। राखी बांधने का सिलसिला लगभग पूरे दिन जारी रहा। दूर-दराज से भी कई विवाहित बहनें अपने भाईयों के घर पहुंच कर पवित्र धागे के जरिये उन्हें प्रेम बंधन में बांधा तो वहीं कई भाई राखी बंधवाने व बहनों से मिलने उनके घर पहुंचे। भाईयों के माथे पर टीके लगाकर उन्हें राखी बांधती बहनों की खुशी देखते ही बनती थी। इस मौके पर भाईयों के मुंह मीठे किए गए तो वहीं बहनों को उपहार देकर भाईयों ने भी उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर घरों में विशेष पकवान बनाए गए। बाजारों में भी इस मौके को लेकर विशेष भीड़-भाड़ रही।

अन्य समाचार