शहर में व्याप्त समस्याओं की अनदेखी कर रहा नप प्रशासन



जागरण संवाददाता : शहर के भिरखी मोहल्ला के वार्ड 23 व 24 में जलजमाव की समस्या काफी गंभीर है। नालों की साफ-सफाई नहीं होने से इस मोहल्ले में हल्की वर्षा होने पर भी जगह-जगह जलजमाव हो जाता है। जल निकासी व नालों की सफाई की दिशा में नगर परिषद प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
नगर परिषद के वार्ड 23 के पार्षद अमोल कुमार साह ने नगर परिषद के कार्यपालक से समस्या को दूर करने की मांग की है। इस दौरान अमोल कुमार साह ने बताया कि वार्ड 23 में महावीर मंदिर से मिशन रोड तक जलजमाव रहता है। इससे राहगीरों को सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। वर्षा के दौरान जलजमाव से कई बार बाइक चालक दुर्घटना के शिकार भी होते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद के आला अधिकारियों से मिल कर समस्या को दूर करने की बात कही, लेकिन आश्वासन के अलावा आज तक कुछ नहीं हुआ। नगर परिषद द्वारा शहर में लगाई गई स्ट्रीट लाइटे सिर्फ शोभा की वस्तु बन कर रह गई हैं। शाम होते ही स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से वार्ड में अंधेरा कायम हो जाता है। इससे शहर के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रीट लाइटों की खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप भी उन्होंने लगाया है। शहर में सफाई को लेकर एनजीओ के नाम पर लूट हो रही है। नगर प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

अन्य समाचार