रजौली में बंद पड़े पत्थर खदान में नहाने गए युवक की डूबने से मौत

रजौली में बंद पड़े पत्थर खदान में नहाने गए युवक की डूबने से मौत

संवाद सहयोगी,रजौली(नवादा): प्रखंड क्षेत्र के लोमस ऋषि पहाड़ के पास शुक्रवार को बंद पड़े एक पत्थर खदान में नहाने के दौरान थाना क्षेत्र के छौमुहा गांव के मुसाफिर यादव के 27 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ अनिल कुमार, थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे घटना के बारे में आसपास के लोगों से विस्तार पूर्वक जानकारी ली। प्रारंभ में खदान से शव को निकालने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशासन ने काफी प्रयास किया, लेकिन निकालने में असफलता हाथ लगी। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जिला प्रशासन को सूचना दी। शनिवार की सुबह पटना से एसडीआरएफ की टीम आने की संभावना जताई गई है।

तीन दोस्तों के साथ नहा रहा था सुबोध
सुबोध कुमार रक्षाबंधन के मौके पर लोमस ऋषि के पहाड़ पर लगे वार्षिक मेला देखने के लिए अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ आए थे। मेला में घूमने के बाद सभी ने लोमस ऋषि पहाड़ के कुछ दूर आगे बंद पड़े पत्थर खदान में जमे पानी में नहाने की इच्छा जताई। सभी नहाने लगे। नहाने के दौरान सुबोध गहरा पानी में चला गया। उनके साथ नहा रहे तीन दोस्त ने उसे बचाने का प्रयास भी किया। लेकिन वह बचाने में असफल रहा । अन्य दोस्तों ने किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से बाहर निकले। जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना के बारे में जानकारी दी। लोग इकट्ठा हुए तब तक सुबोध गहरे पानी में डूब चुका था।
सुबोध की बंद पड़े खदान में डूबने की खबर से गांव और परिवार में मचा कोहराम
संसू, रजौली: सुबोध के डूबने की खबर जैसे ही उसके गांव छौमुहा पहुंचा उनके परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। घर से चीखने और चिल्लाने की आवाज गूंजने लगी। गांव के लोग बिना किसी भी चीज सोचे समझे दर्जनों की संख्या में बंद पड़े खदान के पास पहुंचे। तब तक शव गहरे पानी में डूब चुका था। सुबोध का परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।

अन्य समाचार