आजादी हमारी शान है, तिरंगा हमारी जान है

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया) : आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर चहुं ओर उत्साह है। भारत माता की जय से वातावरण गुंजायमान है। शनिवार को बागमती नदी के किनारे बसे सोनवर्षा घाट गांव में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व गांव के ही नरेश कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, पटेल सिंह, जितेंद्र पासवान, किशोर सदा, विनय कुमार सिंह व स्टूडेंट्स फार सेवा के प्रांत संयोजक भरत सिंह जोशी कर रहे थे। तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के पूर्व सोनवर्षा घाट शिवालय पर सभी एकत्रित हुए। यहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता नवीन कुमार सिंह ने किया। संचालन स्टूडेंट्स फार सेवा के प्रांत संयोजक भरत सिंह जोशी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए विनय कुमार सिंह एवं राधेश्याम ने कहा कि शहरों, गलियों, गांव, कस्बों में आजादी के 75वें साल पर ना केवल तिरंगा यात्रा निकाला जा रहा है। इस गर्व के पल को लाने वाले देश के तमाम महापुरुष को नमन करता हूं। स्टूडेंट्स फार सेवा के प्रांत संयोजक भरत सिंह जोशी ने कहा कि मां भारती की सेवा में इस देश में हजारों-लाखों क्रांतिकारी देशभक्तों ने हंसते -हंसते फांसी के फंदे को चूमा और गोलियां खाकर बलिदान हो गए। हम सभी उन महान विभूतियों को जानें और गर्व करें। इसके बाद मुखिया काजल कुमारी के शंख उदघोष उपरांत तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। यह यात्रा सोनवर्षा घाट होते हुए पटेल नगर, बड़हरा, रब्बीवारी, कन्होली, बलतारा होते हुए पुन: सोनवर्षा घाट में समाप्त किया गया। इस यात्रा को सफल बनाने में बबलू सिंह, डब्लू सिंह, ओमप्रकाश सिंह, पप्पू, उदय सिंह, गजेंद्र सिंह, भगवान सिंह, बिट्टू, शंभु, अजीत, राजेश, श्याम, मिठ्ठू, प्रवीण, सोनू आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


यात्रा का भव्य स्वागत पटेल नगर में दिलीप पटेल, डीके सिंह, रामप्रसाद, जयप्रकाश, रामपुकार , विमलेश ने किया। जबकि बड़हरा में जहांगीर आलम, शंकर यादव, मालिक यादव, रामचंद्र महतो यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर आजादी हमारी शान है, तिरंगा हमारी जान है, के उदघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

अन्य समाचार