सीमा पर जांच के दौरान हथकड़ी लेकर भागे शराबी, प्राथमिकी

सीमा पर जांच के दौरान हथकड़ी लेकर भागे शराबी, प्राथमिकी

संवाद सहयोगी, राजपुर (बक्सर) : थाना क्षेत्र के उत्तर प्रदेश के निकटवर्ती इलाके में देवल पुल पर शनिवार की सुबह एंटी लिकर टास्क फोर्स द्वारा की जा रही जांच के दौरान स्कार्पियो पर सवार दो शराबी हथकड़ी लेकर फरार हो गए जबकि, पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया। स्कार्पियो पर कुल पांच लोग सवार थे। बताया जाता है कि इन लोगों ने पुलिस के साथ मारपीट भी की। घटना के बाद घटनास्थल पर चार थानों की पुलिस पहुंची थी।
पुल पर शराब एवं शराबी पकड़ो अभियान चलाया जा रहा था। तभी कैमूर जिला के नुआंव प्रखंड के पूर्व प्रमुख विकास सिंह एवं राजेश सिंह के साथ अन्य तीन लोग स्कार्पियो में सवार होकर जिले की सीमा में प्रवेश कर रहे थे। जांच में इनके शराब पीने की पुष्टि होने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान विकास सिंह एवं राजेश सिंह ने एलटीएफ प्रभारी कुणाल कृष्ण के साथ मारपीट कर ली। उधर, अन्य तीन लोग स्कार्पियो से उतर भाग खड़े हुए। उनमें दो पुलिस की हथकड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों को जेल भेज दिया। वहीं, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसको लेकर एलटीएफ प्रभारी द्वारा राजपुर थाने में प्राथमिकी कराई गई है। एलटीएफ प्रभारी कुणाल कृष्ण ने बताया कि स्कार्पियो में पांच लोग सवार थे। उनकी जांच की गई तो सभी नशे में पाए गए। ऐसे में सभी को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस बीच दो शराबी हथकड़ी लेकर फरार हो गए। उनका एक और साथी भी फरार हो गया जबकि, दो को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी तरफ खीरी गांव में भी पुलिस ने छापेमारी कर एक व्यक्ति के घर से देसी कट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी ने बताया कि उसकी निशानदेही पर कई अन्य जगहों पर छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही कई अन्य अपराधियों को पकड़ा जाएगा।

अन्य समाचार