आजादी का अमृत महोत्सव : आज आन-बान-शान से पूरे जिले में फहरेगा तिरंगा

आजादी का अमृत महोत्सव : आज आन-बान-शान से पूरे जिले में फहरेगा तिरंगा

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास) : 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। आजादी का अमृत महोत्सव पर सोमवार को गांव से शहर तक आन बान शान से तिरंगा फहराया जाएगा। जिले भर में सरकारी व गैरसरकारी कार्यालयों को तिरंगा पताका से सजाने में कर्मचारी रविवार को पूरे दिन जुटे रहे। वहीं शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन पर रोक की खबर से संचालक पूरे दिन असमंजस में रहे। हालांकि, सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन पर रोक की बात को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संजीव कुमार ने खारिज करते हुए स्कूलों-कालेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की बात कही।

डीडीसी शेखर आनंद समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम को लेकर शहर से गांव तक जश्न-ए-आजादी का माहौल कायम है। सरकारी व निजी संस्थानों के दफ्तरों के अलावा अनुसूचित जाति टोलों व मकानों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे। सुबह सात बजे रेलवे स्टेशन से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो गांधी स्मारक होते हुए न्यू स्टेडियम फजलगंज तक जाएगी। सिविल कोर्ट परिसर में जिला जज अरूण कुमार श्रीवास्तव तिरंगा फहराएंगे, जबकि न्यू स्टेडियम फजलगंज में डीएम धर्मेंद्र कुमार ध्वजारोहण करेंगे। शहर के चौक-चौराहों पर कागज, कपड़ा व प्लास्टिक के बने तिरंगे की बिक्री खूब हुई। रविवार को भी प्रजापिता ब्रह्मकुमारी समेत अन्य संगठनों द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर तिरंगा रैली व शांति यात्रा निकाली गई, जिसमें शामिल लोगों ने तिरंगे के साथ शामिल हो शहर में भ्रमण कर लोगों को आजादी के महत्व को बताया। रेलवे स्टेशन पर सौ फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया है।

अन्य समाचार