तिरंगा यात्रा में उमड़े शहरवासी, भारत माता की जय घोष से गूंजा चप्पा-चप्पा

जागरण संवाददाता, खगड़िया : आजादी के अमृत महोत्सव पर भारत माता की जय से वातावरण गुंजायमान हो उठा है। चप्पा चप्पा भारत माता की जय के जयघोष से गूंज रहा है। देशभक्ति की लहरें उठ रही हैं। रविवार की सुबह खगड़िया शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव पर 450 फीट लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में आम और खास सभी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

लोहापट्टी स्थित अग्रसेन भवन से हुआ। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। तिरंगा यात्रा अग्रसेन भवन से निकलकर मारवाड़ी मोहल्ला, एसडीओ रोड, स्टेशन रोड, राजेंद्र चौक, थाना रोड, एनएससी रोड होकर अग्रसेन भवन पहुंचकर समाप्त हो गई। इस मौके पर सरस्वती विद्या मंदिर का घोष दल आगे-आगे चल रहा था। जिससे एक अलग ही नजारा दिख रहा था।

मारवाड़ी युवा मंच के सचिव सुजीत बजाज ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। भाजपा नेता संजय खंडेलिया ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। घर घर तिरंगा फहराने का निश्चय लिया गया है। तिरंगा यात्रा में शामिल भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रविश चंद्र ने कहा, आज की तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक है। हम सभी पहले भारतीय हैं। ये थे मौजूद
तिरंगा यात्रा में प्रशांत खंडेलिया, महीप जैन, भोलू दहलान, शुभम केडिया, प्रमोद केडिया, डा. विवेकानंद, पुरुषोत्तम अग्रवाल, कैलाश खेरिया, राजेश, नंदू कुमार, राजकुमार फोगला, नितिन तुलस्यान, तुषार दहलान, पप्पू पालड़ीवाल, सुनील कुमार, बाबूलाल शौर्य, कुलदीप आनंद, राजकमल दिवाकर, धीरज सरकार, सौरभ राज आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार