पंचायतों की विकास योजनाओं का पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण

पंचायतों की विकास योजनाओं का पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण

संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय) : अनुमंडल एवं प्रखंड के पदाधिकारियों ने पंचायतों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने साप्ताहिक जांच के क्रम में बागवन पंचायत की आंगनबाड़ी केंद्र, एचएससी, जनवितरण दुकान, विद्यालय, राजकीय नलकूप, खाद दुकान, वर्षा मापक केंद्र, मनरेगा, नल जल योजना, गली पक्कीकरण योजना, आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना, पोखर आदि का गहन निरीक्षण किया। वहीं लौछे में बंद पड़े नलजल के वाटर प्लांट एवं बंद पड़े दोनों राजकीय नलकूप का भी स्थल निरीक्षण किए। साथ ही सुखाड़ के मद्देनजर दोनों नलकूपों को जल्द से जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। मौके पर बागवन पंचायत के मुखिया योगेंद्र राय, पंचायत सचिव सुभाष कुमार कर्ण, आवास सहायक अमरजीत कुमार, रोजगार सेवक कृष्ण कुमार, कृषि समन्वयक दिवाकर कुमार, नलकूप विभाग के हरि लाल शाह, वार्ड सचिव रामचरण महतो आदि मौजूद थे। इधर बीडीओ मनोरमा कुमारी ने घाघड़ा विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। बीडीओ ने पंचायत में धान के आच्छादन तथा सुखाड़ से खेतों में खराब हो रही फसल को देखा। इस दौरान उन्होंने पंचायत के वार्ड नंबर 12 में सीताराम महतो की धान की खेत का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वार्ड नंबर चार में लगा नलकूप चालू हालत में पाया गया। वहीं चौधरी कृषि केंद्र सिमरी खाद की दुकान बंद पाई गई। वार्ड चार में राम सुरेश चौधरी के जमीन पर लगा आटोमेटिक वर्षा मापक यंत्र काम कर रहा था। पंचायत में वैकल्पिक फसल योजना से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य नहीं किया गया है। मौके पर पंचायत के मुखिया नंदकिशोर तांती तथा कृषि सलाहकार अरविंद कुमार महतो मौजूद थे। जबकि सीओ शिवेंद्र कुमार ने प्रखंड की राटन पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं की जांच की। इस क्रम में सीओ के द्वारा कृषि आधारित संयंत्रों तथा वर्षा मापक यंत्र, स्टेट ट्यूबवेल, नलकूप आदि का निरीक्षण किया गया। मौके पर धान, मक्का आदि खरीफ फसलों के आच्छादन के साथ पंचायत में संचालित खाद बीज दुकानदार भूषण महतो, बगरस चौक पर संजय महतो, भोला महतो आदि के संस्थानों का भी औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर पूर्व पंसस पंकज पासवान, पूर्व वार्ड सदस्य रंजीत महतो, रीतिनंदन यादव, मो. मंजूर आलम आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार