बिहार राजनीति : भाजपा के दिग्‍गज नेता बोले- नीतीश सरकार की चल रही अंतिम सांस, गंगा जल पड़ेगी जरूरत



संवाद सहयोगी, लखीसराय। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता सह क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नीतीश सरकार अंतिम सांस ले रही है। अंतिम समय में गंगा जल की जरूरत पड़ती है। इसलिए नीतीश सरकार ने गंगा जल योजना के तहत गंगा जल की व्यवस्था कर ली है। आने वाले समय में महागठबंधन की सरकार का जाना तय है जबकि जदयू का नामोनिशान मिट जाएगा। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता सह क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने ये बातें सोमवार को पार्टी के लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए राशि उपलब्ध करा रही है परंतु राज्य सरकार राशि की लूट-खसोट में लगी है। पंचायत के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि का 17 हजार करोड़ रुपये हर-घर नल का जल योजना पर खर्च कर दी गई। उक्त योजना पूरी तरह फ्लाप साबित हुई। जल-जीवन-हरियाली योजना में भी लूट-खसोट जारी है। इसी तरह चार हजार करोड़ रुपये की लागत से गंगा जल योजना के नाम पर लूट की योजना तैयार की गई है। धान खरीदारी का कम लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस कारण पैक्स के माध्यम से किसानों की धान की खरीदारी नहीं हो पा रही है। सरकार की गलत नीति के चलते बिहार में नगर निकाय चुनाव नहीं हो पा रहा है।

नीतीश सरकार की मंशा बिहार में जाति उन्माद फैलाने की थी परंतु इसमें पूरी तरह असफल हो गए। लखीसराय में नई यातायात व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन को चाहिए कि शहर के लोगों से विचार-विमर्श कर ऐसी यातायात व्यवस्था लागू करे जिससे लोगों को परेशानी नहीं हो। बालिका दुर्गा उच्च विद्यालय सहित जिले में कई विद्यालय को भवन नहीं है। सरकार इसकी व्यवस्था नहीं कर रही है। यह जंगल राज का उदाहरण है। कुढ़नी में भारी मतों से भाजपा की जीत होगी। इसके पूर्व उन्होंने जन कल्याण संवाद के तहत लोगों की समस्याएं सुनकर उसका समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रो. देवानंद साहू आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार