रेलिंग तोड़कर बीस फीट गहरे साइफन में गिरी कार, चार घायल



मोतिहारी, जागरण टीम। रक्सौल अनुमंडल क्षेत्र के हरपुर थाना चिकनी गांव के समीप शनिवार की रात्रि में एक कार साइफन की रेलिंग तोड़ करीब बीस फीट गहराई में जा गिरी। जिसमें सवार चार लोग घायल हो गए। जिनका इलाज शहर के निजी अस्पताल में हुआ। घटना के संबंध में बताया जा रहा है ब्रेजा कार काफी तेज रफ्तार में छौड़ादानो की तरफ से रक्सौल जा रही थी। इस दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार रेलिंग तोड़ते हुए साइफन में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने बताया कि साइफन में पानी था। अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। बताया जा रहा है कि कार छौड़ादानो उप प्रमुख की है। जिसपर सवार लोग रक्सौल किसी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हरपुर ओपी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उक्त कार छौड़ादानो की है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रक्सौल-छौड़ादानो नहर पथ पर चिकनी और चिलझपटी गांव के समीप स्थित साइफन ब्लैक स्पॉट बन गया है। यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। इसी साइफन में गिरकर अबतक आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई है। इस घटना से करीब बीस दिन पूर्व आदापुर का एक बोलेरो अनियंत्रित होकर साइफन की रेलिंग पर चढ़ गया था। हालांकि इस दुर्घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था। सवार लोगों को हल्की चोट आई थी। इस तरह यह साइफन दर्घटना जोन बन गया है। लेकिन अधिकारी व जनप्रतिनिधियों का इसपर ध्यान नहीं जा रहा है।
रेलवे की अतिक्रमित भूखंड को खाली कराने की कवायद शुरू यह भी पढ़ें
हालांकि कुछ माह पूर्व जब रामगढ़वा सिंहासिनी के युवक की बाइक से गिरकर मृत्यु हो गई थी। तब आनन फानन में रेलिंग को ऊंचा करने के लिए बालू और गिट्टी गिराया गया था। लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरु नहीं हो सका है। जिसे लोगों में आक्रोश है। बरवा गांव के पूर्व मुखिया अनिल दूबे, लालबाबू सिंह, सेराजुल हक, अरविंद सिंह, मुन्ना मिश्रा, मुकेश पटेल आदि लोगों ने बताया कि साइफन के पास से गुजरने पर भय लगने लगता है। बीते छह माह में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई है। लेकिन स्थानीय प्रशासन मौन है। जब कभी भी यहां दुर्घटनाएं होती है। लोगों से जानकारी मिलती है। हमलोग यथाशीघ्र पहुंच लोगों की मदद करते है। इस साइफन पर रेलिंग का निर्माण अतिआवश्यक है। इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई है। लेकिन अभीतक इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

अन्य समाचार