नाक की लड़ाई का भुगता खामियाजा, बिहार के वैशाली में चाचा का कान लेकर भतीजा हो गया फरार



हाजीपुर, जागरण संवाददाता। कभी-कभी मामूली बात को नाक की लड़ाई लोग बना लेते हैं। वैशाली में भी ऐसा हुआ। लेकिन इस बार नाक की लड़ाई का खामियाजा कान को भुगतना पड़ गया है। स्थिति ऐसी हो गई कि चाचा-भतीजे की लड़ाई के बाद चाचा को अस्‍पताल पहुंचना पड़ गया। हद तो यह कि भतीजा उनका कान लेकर ही फरार हो गया। अब मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। घटना की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। 
मामला लालगंज थाना क्षेत्र के पुरणटाढ गांव का है। यहां जलावन को लेकर चाचा-भतीजे के बीच झगड़ा हो गया। दोनों आमने-सामने आ गए। गुत्‍थमगुत्‍था के बीच भतीजे ने चाचा का कान दांत से काट लिया। घायल मुनेश्‍वर ठाकुर को लहूलुहान स्थिति में अस्‍पताल पहुंचाया गया। वहां से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मरीज की हालत अभी ठीक नहीं है। 

घायल मुनेश्‍वर ठाकुर ने बताया कि उन्‍होंने अपने घर के निकट सूखा जलावन रखा था। भतीजे ने उसपर गीला जलावन रख दिया। इसका उन्‍होंने विरोध किया। इस क्रम में उसके गीले जलावन को हटाने लगे। तब उसका पूरा परिवार आकर गालीगलौज करने लगा। इसके साथ ही मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चचेरे भाई के बेटे ने उनके कान में दांत काट लिया। उसने कान का हिस्‍सा ही अलग कर दिया। उसका पूरा मुंह खून से लाल हो गया। कान का कटा हिस्‍सा मुंह में लेकर ही वह भाग निकला।

इसके बाद उन्‍हें सदर अस्‍पताल हाजीपुर पहुंचाया गया। प्राथम‍िक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में कान का हिस्‍सा ढूंढा गया। लेकिन वह मिला ही नहीं। सदर अस्‍पताल के डॉ अनिल ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद प्लास्टिक सर्जरी के लिए मरीज को पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। घटना की सूचना लालगंज पुलिस को दी गई। 
  

अन्य समाचार