Vaishali News: शादी में शामिल युवक रहस्यमय ढंग से हुआ गायब, पत्नी ने जताई हत्‍या की आशंका



चेहराकलां, संवाद सूत्र: वैशाली में दस दिन पूर्व अपने दोस्त के घर शादी समारोह में शामिल होने गए युवक के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंसुरपुर हलैया गांव निवासी 35 वर्षीय महेश महतो शाहपुर खुर्द गांव निवासी राजकुमार महतो की पुत्री की शादी में शामिल होने गया था, जिसके बाद से महेश घर नहीं लौटा। युवक के गायब होने के बाद से परिजन स्थानीय थाने और सीनियर पुलिस पदाधिकारियों के यहां उसकी बरामदगी के लिए चक्कर लगा रहे हैं।

इस मामले में युवक की पत्नी पत्नी रिंकी देवी ने आशंका जताई है कि उसके पति की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। रिंकी देवी ने बताया कि पति महेश महतो और राजकुमार महतो के बीच गहरी दोस्ती थी, इसलिए महेश ने समूह से उठाकर राजकुमार महतो को 70 हजार रुपए उधार दिए थे। 23 नवंबर को शादी समारोह में भी सपरिवार गए थे।
महेश 12 वर्षीय पुत्र के मुताबिक महेश महतो को कुछ लोग शादी में ही शराब पिला कर मारपीट कर रहे थे। वहीं सुबह होते ही उनकी पत्नी बच्चे को लेकर वापस घर आ गई और समाज के लोगों को बताया कि‍ महेश शादी समारोह के बाद से दिखाई नहीं दिए हैं। वहीं कुछ लोगोंं ने भी शादी में महेश से मारपीट की घटना की बात कही है।

उक्‍त मामले में शाहपुर खुर्द गांव निवासी प्रेम कुमार महतो, देव महतो, राजकुमार महतो, संजय महतो के अलावा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में युवक की ने सभी आरोपितों पर साजिश के तहत पति की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में कटहारा ओपी अध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक संदेही को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपित गांव छोड़कर भागे हुए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गहन छापेमारी में जुटी हुई है।


अन्य समाचार