Supaul: ट्रैक्टर ने किशोरी को रौंदा, गुस्साए लोगों ने आगजनी कर लगाया जाम



 सुपौल,संवाद सूत्र: छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के सुखाय चौक के पास एसएच 91 पर गुरुवार दोपहर सड़क दुर्घटना में एक 12 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। किशोरी को जख्मी हालत में त्वरित चिकित्सा हेतु स्वजनों के सहयोग से पूर्णिया ले जाया गया। किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सड़क दुर्घटना से गुस्साए स्वजनों और स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के विरोध में एसएच 91 पर आगजनी करते हुए यातायात को बाधित कर दिया। सड़क पर आवागमन बाधित होने से दोनों ही तरफ दर्जनों गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। जानकारी अनुसार, माधोपुर वार्ड संख्या 11,खान टोला निवासी, मु. हैदर की पोती आशिया परवीन को एक चावल से लदे बिना नंबर प्लेट की ट्रैक्टर ने उस समय रौंद डाला जब वह सड़क के किनारे से गुजर रही थी।

ट्रैक्टर पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जाने वाली चावल की बोरियां लदी थी। कुछ घंटे सड़क जाम होने के उपरांत मौके पर पहुंची छातापुर पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के हस्तक्षेप से सड़क जाम हटा लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच करने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें: Sultanganj News: दंबगों ने दंपती से मारपीट कर लूटा सामान, फ‍िर महिला से दुष्‍कर्म का किया प्रयास

अन्य समाचार