दाव पर दिग्‍गजों की साख : पूर्व मंत्री की बहू, पौत्रवधू और पूर्व विधायक भी नगर परिषद के चुनावी मैदान में कूदी



त्रिवेणीगंज (सुपौल), करण कुमार: नवगठित नगर परिषद के लिए 18 दिसंबर को होने वाले चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे कई दिग्गजों ने दिलचस्प बना दिया है। मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के अलावा वार्ड पार्षद पद के लिए दिग्गजों की भीड़ है। सभी अपनी जीत के लिए वोटरों को अपने पक्ष में करने की पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
कई प्रत्याशियों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। जीत गए तो बादशाहत कायम हो जाएगी और हार गए तो ग्राफ पूरी तरह से जमीन में दफन हो जाएगा। वहीं, कुछ उम्मीदवार चुनाव मैदान में पहली बार तो ज्‍यादातर स्थानीय सियासत के पुराने खिलाड़ी हैं।

इस चुनाव में जिन हस्तियों के भाग्य का फैसला होना है उनमें मुख्य पार्षद पद के लिए पूर्व विधायक अमला सरदार का नाम भी शामिल है। वे जदयू से 2010 में विधायक चुनी गई थीं। इस चुनावी दंगल में कूदकर उन्‍होंने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। दूसरा नाम पूर्व प्रमुख शोभा देवी का है। वे प्रखंड प्रमुख के साथ जिप सदस्य भी रह चुकी हैं। वे चुनावी मैदान में उतरकर राजनीतिक साख को बररकार रखने के कवायद में लगी हुई हैं। राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव व व्यापार संघ के अध्यक्ष सज्जन कुमार संत भी वार्ड पार्षद पद के वार्ड 20 से मैदान में कूदकर राजनीतिक भविष्य तलाशने में जुटे हैं।
Supaul Crime : सामूहिक दुष्कर्म में तीन को 20 वर्ष का कठोर कारावास, पीड़िता को देररात घर से उठा ले गए थे आरोपी यह भी पढ़ें
नगर परिषद त्रिवेणीगंज में चार पंचायत को लिया गया है, जिसमें लतौना उत्तर, थलहा गढ़िया दक्षिण, डपरखा, बभनगामा शामिल है। खास बात यह है कि इन चारों पंचायत में से मुख्य पार्षद के लिए तीन पंचायत के निवर्तमान मुखिया की पत्नी चुनावी मैदान में दमखम दिखा रही हैं। लतौना उत्तर पंचायत के निवर्तमान मुखिया विजेंद्र यादव की पत्नी संगीता कुमारी यादव शिक्षिका की नौकरी से त्यागपत्र देकर चुनाव मैदान में हैं। अब देखने लायक होगा कि सियासी दंगल में वह क्या कमाल कर पाती हैं।

डपरखा पंचायत के निर्वतमान मुखिया संजय कुमार दास की पत्नी रीना देवी भी चुनाव मैदान में है। थलहा गढ़िया दक्षिण पंचायत से बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रह चुके अनूपलाल यादव के पौत्र निवर्तमान मुखिया अजित कुमार गुड्डू की पत्नी निक्की कुमारी भी चुनावी मैदान भाग्य आजमा रही हैं। वे राजनीतिक विरासत को बचाने में एड़ी चोटी एक किए हुए हैं। पूर्व मंत्री अनूपलाल यादव के पुत्र कामेश्वर यादव की पत्नी रंभा देवी भी चुनावी मैदान में भविष्य तलाश रही हैं।

जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमाल खान की पत्नी आलम आरा की भी सियासी दंगल में इंट्री है। पूर्व प्रमुख छोटेलाल यादव की पत्नी निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य मनोरमा देवी भी चुनावी मैदान में कूदकर पसीना बहा रही हैं। इन सब के बीच कहीं पत्नियों के मैदान में रहने के कारण पति की प्रतिष्ठा तो कहीं ससुर की प्रतिष्ठा दांव पर है। कई पूर्व मुखिया की पत्नी और पुत्री मैदान में भाग्य आजमा रही है। बता दें कि नगर परिषद के 27 वार्ड में वार्ड पार्षद पद के लिए 253 प्रत्याशी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें-  ये है पूरी कहानी : ISI एजेंट सान्वी ने Fake नाम से खोला था FB अकाउंट, रवि के लिए ऐसे रचा हनी ट्रैप का पूरा खेल

अन्य समाचार