Aurangabad: ससुराल से लौट रहे सिपाही की सड़क हादसे में मौत, पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रैक्‍टर किया जब्त



दाउदनगर (औरंगाबाद), संवाद सहयोगी: औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर मंगलवार की रात बेलाढ़ी जाने वाले नहर मार्ग में ट्रैक्टर से कुचलकर पुलिस सिपाही की मौत हो गई। मृतक सिपाही की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना के बलिया गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
बताया गया कि सिपाही का ससुराल बेलाढ़ी में है। वह ससुराल से दाउदनगर लौट रहे थे जहां किराए के मकान में रहा करते थे। बिहार पुलिस में वे सिपाही हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि रात्रि लगभग 10 बजे यह घटना हुई है। वह बाइक से बेलाढ़ी से दाउदनगर लौट रहे थे। हालांकि, घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रेणु देवी द्वारा ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी कराई गई है।

बताया गया कि वर्तमान में पटना जिला पुलिस बल के जवान मोकामा में पदस्थापित थे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस द्वारा उन्हें उठाकर दाउदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- Supreme Court: बिहार में जातिगत जनगणना पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट में 13 जनवरी को होगी सुनवाई


अन्य समाचार