घर से शौच करने गई महिला का शव बरामद, तालाब में डूबने से हुई मौत या हत्या; जांच में उलझी पुलिस



संवाद सूत्र, गोह (औरंगाबाद)। गोह थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव में घर से शौच करने गई महिला का शव पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया है। महिला की मौत तालाब में डूबने से हुई है या उसकी हत्या की गई है, इस बिंदु पर जांच चल रही है। पुलिस महिला के मौत के कारणों की तहकीकात कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बताया जाता है पहाड़ीपुर गांव निवासी अशोक यादव की 37 वर्षीय पत्नी मुनि देवी सोमवार की संध्या गांव से दक्षिण पोखरा की ओर शौच करने गई थी। शौच के बाद महिला शाम को घर वापस नहीं आ सकी और स्वजन के द्वारा खोजबीन की गई, परंतु पता नहीं चला।

मृतका के घरवाले रातभर उसे तलाशने के लिए परेशान रहे। मंगलवार की सुबह ग्रामीण शौच करने तालाब की ओर गए तो देखा कि तालाब में महिला का शव है। इसकी सूचना गोह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गोह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला शौच कर अपने घर लौट रही थी। इसी बीच पैर फिसलने से महिला तालाब में चली गई और डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया। मामले में पुलिस शिकायत दर्ज कर तहकीकात कर रही है।


अन्य समाचार