मधुबनी में डबल मर्डर से फैली सनसनी, बच्चों के विवाद में गोली मारकर पति-पत्नी की हत्या, घर में मचा कोहराम



मधुबनी, संस। बच्चों के बीच हो रहे विवाद को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश कर रहे दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना कलुआही थाना क्षेत्र के राढ़ गांव की है। जहां राढ़ निवासी हीरा यादव के पुत्र की शादी को लेकर मटकोर था। उसी मटकोर में शामिल होने के लिए लोग जुटे थे।
इसी बीच वहां बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। बच्चों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने तथा अपने बेटे को समझाने राढ़ निवासी लाल राम व उसकी पत्नी शोभा देवी वहां पहुंच गई। लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ने लगा। बच्चों के विवाद में बड़े भी शामिल हो गए।

देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इसी बीच भीड़ में से किसी ने लाल राम व उसकी पत्नी शोभा देवी पर गोली चला दी। गोली सिर में लगने के कारण पति व पत्नी की घटनास्थल पर गिरते ही मौत हो गई। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर चिल्लाते हुए भागने लगे। इस घटना से कोहराम मच गया। आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई।
बुधवार की रात हीरा यादव के पुत्र के मटकोर में शामिल होने के लिए लोग पहुंचे हुए थे। लेकिन बच्चों के विवाद में उनके माता-पिता सहित अन्य परिजन भी शामिल हो गए‌। आरोप है कि भीड़ के हिंसक रूप लेते ही मौके का लाभ उठाकर पुरानी रंजिश को लेकर किसी ने मृतक दंपति को गोली मार दी।
Madhubani: हथियारबंद डकैतों ने किसान के घर में डाला डाका, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत; थाने के सामने फोड़ा बम यह भी पढ़ें
स्थानीय लोगों के अनुसार तीन राउंड गोली चली है। मृतक के पुत्र कन्हैया कुमार का कहना है कि विवाद के दौरान कुछ लोग मारपीट कर रहे थे। उसके माता-पिता बीच-बचाव करने पहुंचे थे, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने मौके का लाभ उठाकर घटना को अंजाम दे दिया।
गांव के ही कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। संभवत: उन्हीं लोगों ने मौके का लाभ उठाकर घटना को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही कलुआही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है।

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि उक्त मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। कुछ संदिग्धों से इस संबंध में पूछताछ भी की जा रही है। घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में अब तक मामला बच्चों के बीच विवाद होने का सामने आया है। इस दौरान बीच-बचाव करने में गोली चलने से दंपति की मृत्यु हुई है।

अन्य समाचार