बिना वीजा महिला मित्र से मिलने नेपाल जा रहा था सूडान का नागरिक, एसएसबी ने गिरफ्तार कर जेल भेजा



हरलाखी (मधुबनी), संस। हरलाखी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल की सीमा पर तैनात एसएसबी 48वीं वाहिनी पिपरौन कैंप के जवानों ने अवैध रूप से नेपाल जा रहे एक विदेशी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान सूडान देश के खरटुम राज्य अंतर्गत ओमडूरम निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद बराका इसांग मुरसाल के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, विदेशी युवक 2017 में कर्नाटक कालेज आफ मैनेजमेंट में बीसीए की पढ़ाई करने स्टूडेंट वीजा लेकर बेंगलुरु आया था। 2019 में उसका वीजा समाप्त हो गया था। इसके बाद गैर कानूनी तरीके से भारत में रहने पर 2022 में कर्नाटक की बेंगलुरु पुलिस ने विदेशी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जेल जाने के तीन माह बाद वह जमानत पर रिहा हुआ था। अभी वह जमानत पर है। हालांकि, यह मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है। विदेशी युवक स्पाइसजेट विमान से बेंगलुरू से दरभंगा पहुंचा था। इसके बाद शुक्रवार को बस से जटही बोर्डर पहुंचा। यहां से वह नेपाल जाने लगा।
युवक के घुंघराले बालों को देखकर एसएसबी जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। इसके बाद उसे अवैध रूप से नेपाल जाने के प्रयास में गिरफ्तार कर लिया गया। दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार किसी भी विदेशी नागरिक को विधिवत भारत से नेपाल जाने के लिए रक्सौल व जोगबनी का बोर्डर अधिकृत है।
मधुबनी में डबल मर्डर से फैली सनसनी, बच्चों के विवाद में गोली मारकर पति-पत्नी की हत्या, घर में मचा कोहराम यह भी पढ़ें
भारत और नेपाल के अलावा अन्य देश के नागरिक को दूसरे रास्ते से जाना अवैध है। इसी आरोप में जवानों ने युवक को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए हरलाखी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि विदेशी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि नेपाल की एक लड़की कर्नाटक कालेज आफ मैनेजमेंट में उक्त विदेशी युवक के साथ ही पढ़ती थी। वहां दोनों के बीच मित्रता हो गई। विदेशी युवक उसी महिला मित्र से मिलने के लिए नेपाल जा रहा था। लेकिन, बोर्डर पर एसएसबी के हत्थे चढ़कर सलाखों के पीछे पहुंच गया। एसएसबी के उप निरीक्षक हेमराज शर्मा के आवेदन पर हरलाखी थाना में विदेशी युवक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार की शाम विदेशी युवक को सीमा पर पकड़ा गया था।

अन्य समाचार