पप्पू यादव के बिगड़े बोल, कहा- चलती बस में दुष्कर्म का प्रयास करने वालों को मारने पर देंगे दो-दो लाख रुपये



संस, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। पूर्णिया में दार्जिलिंग की महिला के साथ चलती बस में दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने कहा कि इस घटना में संलिप्त चारों आरोपितों को मारने वाले को दो-दो लाख रुपये का इनाम देंगे।
पिछले दिनों पूर्णिया जिले के बायसी में चार मनचलों ने चलती बस में महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। इनसे बचने के लिए महिला बस से कूद गई थी। पीड़ित महिला सिलीगुड़ी में शिक्षिका है। स्वजन उसे बेहतर उपचार के लिए सिलीगुड़ी ले गए हैं।

पप्पू यादव ने शुक्रवार को कहा कि यह मामला काफी गंभीर और जघन्य है। यह पूर्णिया को बदनाम करने की साजिश है। इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे लोगों पर कड़ी करवाई होनी चाहिए। इस मामले में संलिप्त चारों आरोपितों को प्रशासन जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
उन्होंने कहा कि मेरी सरकार आई तो ऐसे लोगों को आकाश-पताल से ढूंढकर मौत देंगे। सरकार कहती है बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ लेकिन सुरक्षा के मामले में कहीं से भी महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बिहार में वर्तमान सरकार में दुष्कर्म, हत्या, लूट आदि की घटनाएं काफी बढ़ी हैं। सरकार इस पर नकेल कसने में कामयाब नहीं हो पा रही है।
Bihar: पाकिस्तानी झंडा फहराने का दावा निकला झूठा, वीडियो वायरल करने वाले को ढूंढ रही पुलिस, FIR होगी दर्ज यह भी पढ़ें
जन अधिकार पार्टी के संरक्षक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शुक्रवार को पूर्णिया पूर्व प्रखंड स्थित रानीपतरा के रजीगंज गांव में स्व. बद्री नारायण साह की 75 वर्षीय धर्मपत्नी माला देवी के निधन पर शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मृतका के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
मृतका माला देवी के पुत्र किशोर कुमार साह, संजीव साह, अनंत साह के अलावा उनके परिवार के सभी सदस्यों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। मौके पर जिला पार्षद संजीव कुमार उर्फ विवेका यादव, जाप नेता राजेश यादव, प्रदीप सरकार, मुंशी यादव, उदय साह, योगेंद्र यादव, बमबम गुप्ता, सत्यनारायण ठाकुर, रूपेश यादव, विष्णु चौधरी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

अन्य समाचार