समस्तीपुर: अंगारघाट में बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, नकदी और जेवर ले गए हत्यारे



जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। अंगारघाट थाना क्षेत्र के सुपौल वार्ड 4 में बुधवार रात बदमाशों ने घर में सोते समय एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाशों ने घर से नकद व सोने चांदी का सामान भी चुरा लिए। मृतका ग्रामीण वीरेन्द्र पांडे उर्फ बालो पांडे की 60 वर्षीय पत्नी प्रतिमा देवी है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दलसिंहसराय डीएसपी दिनेश पांडे और थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। घटनास्थल पर डॉग स्कवायड की टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के लोगों ने घर में लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका व्यक्त की है। सुपौल वार्ड 4 निवासी बालो पांडे गांव में ही खेती किसानी का काम करते हैं।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को घर में पति-पत्नी और उनका बेटा गुड्डू पांडे थे। रात में घर से भोजन करने के बाद वीरेन्द्र और गुड्डू मवेशी के बथान में जाकर सो गए। घर में प्रतिमा अकेली थीं। देर रात करीब एक बजे वीरेन्द्र की नींद खुली। वह टहलते हुए बथान से अपने घर आ गए। वहां देखा कि घर का दरवाजा खुला है और कमरे में प्रतिमा का शव पड़ा था।
प्रतिमा के कमरे में पेटी में रखे जेवर व नकदी गायब थे। आसपास के लोगों को घटनास्थल पर बुलाया और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतका के पति वीरेन्द्र ने बताया कि नकद व जेवर समेत एक लाख से अधिक का समान गायब है। लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका व्यक्त की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

अन्य समाचार