Bihar: दिव्यांग माता-पिता का छिन गया इकलौता सहारा, घर से बुलाकर 22 साल के बेटे की हत्या; खेत में मिला शव



बेनीपट्टी(मधुबनी), जागरण संवाददाता। मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र स्थित बसैठ चानपुरपट्टी गांव में शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बसैठ गांव निवासी 22 वर्षीय प्रहलाद कुमार झा के रूप में की गई है। मृतक के पिता दिव्यांग और माता मूकबधिर है। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। युवक की हत्या के बाद स्वजन में कोहराम मच गया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेजने की तैयारी में जुट गई है।

घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार की सुबह जब लोग घर से बगीचा की ओर निकले तो खेत में युवक का शव देखा। इस घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के दिव्यांग पिता दिगम्बर झा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात दस बजे बाइक पर सवार दो लोग घर आए थे। दोनों उनके पुत्र प्रह्लाद को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।

इसके बाद बेटा रातभर घर नहीं लौटा। सुबह होने पर सूचना मिली कि खेत में युवक का लाश पड़ा हुआ है। मृतक प्रहलाद भाई में अकेला था। मृतक दिव्यांग पिता और मूकबधिर माता का इकलौता सहारा था। घटनास्थल पर अवर निरीक्षक रामचंद्र प्रसाद, सूरज कुमार , सहायक अवर निरीक्षक संजीत कुमार पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पुलिस घटना के कारणों और हत्यारों का पता लगाने में जुट गई है।

अन्य समाचार