Madhubani: राजनगर थाना क्षेत्र में बेकाबू चार पहिया वाहन ने पूर्व मुखिया के इकलौते बेटे को रौंदा, मौत



राजनगर, संस। राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिशुपाल जमा दो उच्च विद्यालय के समीप मुख्य मार्ग पर गुरुवार की शाम लगभग सात बजे अनियंत्रित गति से निकले एक चार पहिया वाहन ने पटवारा उत्तरी पंचायत की पूर्व मुखिया विमल देवी के पुत्र चंदन कुमार राय (35) को रौंद डाला। इस दुर्घटना में चंदन कुमार राय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चंदन कुमार राय को गंभीर हालत में वाहन में सीएचसी राजनगर पहुंचाया। लेकिन, सीएचसी पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

चंदन कुमार राय गांव स्थित मुख्य सड़क के किनारे कुछ लोगों के साथ बैठा था। वह जैसे ही लघुशंका करने के लिए सड़क किनारे पहुंचा, इसी दौरान विपरीत दिशा से अनियंत्रित गति से आ रही टाटा सूमो विक्टा चंदन को रौंदते हुए निकल भागी। जब तक उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कई प्रत्यक्षदर्शियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उक्त घटना में प्रयुक्त टाटा सूमो विक्टा एकम्मा के एक ग्रामीण की है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर राजनगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के अनुसार मामले की पड़ताल जारी है।
Bihar: मधुबनी में अपराधियों के हौसले बुलंद, थाने से महज दो सौ मीटर की दूरी पर की वारदात; चौकीदार को मारी गोली यह भी पढ़ें
उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जाएगा। दुर्घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को शीघ्र कब्जे में ले लिया जाएगा। बता दें कि चंदन कुमार राय पटवारा उत्तरी पंचायत की पूर्व मुखिया विमल देवी की इकलौते पुत्र थे।
चंदन कुमार राय की असामयिक मौत से उनके घर में क्रंदन-चित्कार की स्थिति है। माता विमल देवी, पिता योगेन्द्र राय तथा पत्नी सहित सभी स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। चंदन के निधन पर मुखिया प्रतिनिधि रामअधीन राय, प्रखंड जदयू अध्यक्ष पप्पू पटेल, पूर्व उप प्रमुख संजय पटेल, पूर्व मुखिया रामदेव सिंह आदि ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

अन्य समाचार