मधुबनी में दर्दनाक हादसा: चारा काटने की मशीन में फंसे युवक की मौत, शरीर हो गया टुकड़े-टुकड़े, मचा कोहराम



बासोपट्टी (मधुबनी), संस। बिहार में मधुबनी के बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में गुरुवार की शाम ट्रैक्टर में लगी कुट्टी (चारा) काटने वाली मशीन में फंसकर एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से स्वजन में कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव निवासी स्व. जगदीश यादव के करीब 30 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार यादव ने अपने ट्रैक्टर में कुट्टी काटने वाली मशीन लगा रखी थी। इसके जरिये वह अपने जीवनयापन के लिए आय करता था।

संजीव घूम-घूमकर उक्त मशीन से अन्य लोगों के मवेशियों के लिए कुट्टी काटने का काम करता था। संजीव गुरुवार को गांव के ही पूर्वी टोल में रहने वाले एक व्यक्ति के मवेशी के चारे के लिए कुट्टी काट रहा था। इसी दौरान संजीव का हाथ चलती मशीन में फंस गया। जब तक लोग बचाने के लिए कुछ कर पाते तब तक मशीन ने उसे अंदर खींच लिया। 
इससे घटनास्थल पर ही संजीव की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संजीव का शरीर मशीन में फंसने से उसके कई टुकड़े हो गए थे। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। स्वजन ने बताया कि मृतक संजीव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
Madhubani: राजनगर थाना क्षेत्र में बेकाबू चार पहिया वाहन ने पूर्व मुखिया के इकलौते बेटे को रौंदा, मौत यह भी पढ़ें
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक संजीव का एक पुत्र दुर्गेश कुमार 10 वर्ष का और दूसरा पुत्र अभिषेक कुमार 12 वर्ष का है। इस घटना को लेकर मृतक की पत्नी सुनीता देवी की आंख से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

अन्य समाचार