शेखपुरा: चिराग का मुख्यमंत्री पर तंज, बोले- नीतीश कुमार ने अपनी महत्वाकांक्षा के लिए बिहार को गर्त में धकेला



जागरण संवाददाता, शेखपुरा। लोजपा (रा) प्रमुख तथा क्षेत्रीय सांसद चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार को गर्त में धकेलने का आरोप लगाया है। कहा नीतीश जी अपनी महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए बिहार को बर्बाद कर रहे हैं। राज्य की प्रशासनिक और विधि-व्यवस्था की स्थिति तार-तार हो रही है।
शुक्रवार को पटना से जमुई जाने के क्रम में शेखपुरा के तिरमुहानी बाइपास पर स्थानीय पत्रकारों से बातचीत में चिराग ने मुख्यमंत्री पर यह तंज कसा। यहां रुकने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। फूलमाला और गुदस्ता देने के साथ सांसद को पगड़ी भी पहनाई गई।

इसमें पार्टी के जिला संयोजक उमा शंकर सिंह, शेखर पासवान,विजय पासवान,तरुण यादव सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। चिराग पासवान ने कहा कि महागठबंधन के साथ स्वयं जदयू में भी जमकर घमासान मचा है। अलग-अलग बातों पर रोज लोग आपस में घमासान कर रहे हैं।
इसकी वजह से प्रशासन और पुलिस व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। राज्य की विधि-व्यवस्था भी लुंजपुंज हो चुकी है। बिहार में कोई ऐसा दिन नहीं है, जब चार से पांच बड़े आपराध नहीं होते हों। यह स्थिति राज्य में विधि-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है। यहां बताना जरूरी है कि शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र जमुई का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि बिहार और बिहारियों की चिंता को छोड़कर नीतीश जी को अपनी पार्टी की अंतर्कलह और अपनी कुर्सी को बचाए रखने की चिंता है। सीएम स्वयं समाधान यात्रा कर रहे हैं, मगर बिहार की बिगड़ती स्थिति का उनके पास कोई समाधान नहीं है। ये सिर्फ अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए बिहार और बिहारियों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।

अन्य समाचार