पूर्णिया: पुलिस मुठभेड़ बाद कुख्यात बैंक लुटेरा गिरफ्तार, फायरिंग के बाद हुई भिड़ंत में दो जवान जख्मी



जागरण संवाददाता, पूर्णिया। सूबे के आधा दर्जन बैंक लूट कांड के फरार मुख्य आरोपित राजा सहनी को नवगछिया-पूर्णिया पुलिस की टीम ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
इस फरार अपराधी की तलाश तीन वर्षों से सूबे के कई जिलों की पुलिस कर रही थी। पुलिस की टीम ने इस अपराधी को पूर्णिया के मंरगा थाना क्षेत्र के मिल्की टोला के जाफरी नगर से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां भी चलीं। बाद में कुख्यात अपराधी एवं पुलिस कर्मियों के बीच भिड़ंत हो गई, जिसमें दो पुलिस के जवान भी जख्मी हो गए।

इसके बावजूद पुलिस कर्मियों ने गिरफ्तार अपराधी को नहीं छोड़ा। पुलिस से भिड़ंत के बाद अपराधी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
इसके अलावा नवगछिया के ढोलबज्जा थाने के दो घायल पुलिस कर्मियों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजा सहनी की तलाश पुलिस को नवगछिया के ढोलबज्जा स्थित बैंक लूट की घटना के अलावा खगड़िया जिले में बंधन बैंक में 40 लाख की लूट, अररिया में 37 लाख की नकदी एवं 63 लाख के जेवरात के मामले में थी।
पूर्णिया: मां की मौत के बाद हैवान बना पिता, एक माह से कर रहा था सात साल की बेटी का यौन शोषण यह भी पढ़ें
इनके अलावा दरभंगा में 50 लाख की बैंक लूट, मधुबनी जिले में 20 लाख की बैंक लूट सहित बेगूसराय के पेट्रोल पंप मालिक की गोली मारकर हत्या किए जाने मामले में भी उसकी तलाश थी।
बताया जाता है कि पुलिस से बचने के लिए इस कुख्यात अपराधी ने चार दिन पूर्व मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की टोला स्थित जाफरी नगर में राम प्रवेश ठाकुर के यहां किराए पर मकान लिया था।
इस दौरान पुलिस को उसके इस ठिकाने की भनक लग गई। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर बाद उसके ठिकाने पर धावा बोल दिया। पुलिस के पहुंचते ही अपराधी राजा सहनी गोली चलाते हुए मकई की खेत में भागने लगा।

पुलिस ने उसे खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया। राजा सहनी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस अभियान में पूर्णिया सदर डीएसपी एसके सरोज, मरंगा थाना अध्यक्ष मिथलेश कुमार एवं नवगछिया डीएसपी दिलीप कुमार शामिल थे।

अन्य समाचार