मधुबनी: दोस्तों के साथ बैठे युवक को बाइक से आए बदमाशों ने गोलियों से भून डाला, सदर अस्पताल ले जाते वक्त मौत



कलुआही (मधुबनी), संस। कलुआही थाना क्षेत्र के नरार थानटोल गांव में शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्वजन में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान नरार थानटोल गांव के रितेश चौपाल (28) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मृतक के पेट में तीन और पांव में एक गोली लगी है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन ने जख्मी रितेश को आनन-फानन में पीएचसी, कलुआही में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद पीएचसी से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सदर अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पूरन चौपाल का पुत्र रितेश गांव के बाहर कृषि फार्म जाने वाली सड़क की पुलिया पर दोस्तों के साथ बैठा था। अचानक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने रितेश को गोलियों से भून दिया।
सात-आठ राउंड फायरिंग किए जाने की बात बताई जा रही है। गोली लगने के बाद वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो सभी अपराधी बाइक छोड़कर भाग गए।

इसके बाद अपराधियों के अन्य समर्थकों ने चार पहिया वाहन से आकर दहशत फैलाने की कोशिश की। वहां मौजूद ग्रामीणों की भीड़ ने चार पहिया वाहन पर पथराव शुरू कर दिया।
इसके बाद सभी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कलुआही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सदलबल गांव में कैंप कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्वजन ने गांव के ही बिहारी मंडल के पुत्र रूपेश मंडल और दिनेश मंडल सहित अन्य पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

घटना का कारण वर्चस्व की लड़ाई बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पूर्व उक्त अपराधियों ने रितेश के ऊपर चाकू से भी हमला किया था।

अन्य समाचार