विजय सिन्‍हा ने समाधान यात्रा को बताया- 'पिकनिक यात्रा', बोले- एक-दूसरे को ठगने में लगे हैं नीतीश और तेजस्‍वी



मधुबनी,  जागरण संवाददाता: विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में सीएम नीतीश कुमार जंगलराज के पुरोधा है। वे अपहरण, हत्या, लूट और दुष्‍कर्म का वातावरण पैदा करने वाले की गोद में जा बैठ हैं। वे रविवार को जिला अतिथि गृह में प्रेसवार्ता कर रहे थे।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस सरकार को शासन करने में रुचि नहीं है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एक-दूसरे को ठगने में लगे हैं। इन दोनों के कारण बिहार की जनता अराजकता की शिकार हो रही है।

समाधान यात्रा में समस्या का समाधान नहीं करते हैं, सिर्फ पिकनिक मनाने जाते हैं। अब पिकनिक यात्रा के बदले मुख्यमंत्री की विदाई यात्रा निकलेगी।
उन्होंने मधुबनी जिला में बढ़ते अपराध की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही है। अपराधी खुलेआम हत्या व लूट कर रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी है।
उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा की बयानबाजी पर कहा कि जदयू की नाव अब डूबने वाली है। इसलिए जदयू के कई नेता सुरक्षित क्षेत्र की तलाश में हैं। नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी साकार नहीं होने वाला है।
Bihar: मधुबनी में छात्र का जीवन लील गई फेसबुक रील, वीडियो बनाते समय ट्रेन से गिरा; घर का इकलौता चिराग बुझा यह भी पढ़ें

देश के राजनैतिक दलों ने उन पर भरोसा नहीं जताया है। छोटे और बड़े भाई मिलकर बिहार को आतंकवादियों का गढ़ बनाने पर तुले हैं। बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। गोपालगंज, सिवान, सीतामढ़ी, मधुबनी सहित अन्य जिलों में अपराध चरम पर है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा, विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल, विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर, ऋषिकेश कुमार राघव, पूर्व विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ, संजय पांडेय, भोगेंद्र ठाकुर, संजीव कुमार बादल, देवेंद्र यादव, ज्योति नारायण मंडल, मनोज कुमार मुन्ना, प्रमोद सिंह, राधा देवी, किरण कुमारी झा, विष्णु कुमार राउत, सुबोध चौधरी, रणधीर ठाकुर, रणधीर खन्ना, विनोद प्रसाद, अशोक राम आदि थे।

अन्य समाचार