नीतीश सरकार पर बरसे चिराग पासवान, बोले- आने वाले चुनावों में एक नया बिहार बनाने का लें संकल्प



संवाद सूत्र, पकरीबरावां, नवादा। पकरीबरावां प्रखंड के बुधौली दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार को लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने एक सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बिहार बदहाली की कगार पर है। यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। लोग जब अपने हक और अधिकार के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं तो उन्हें लाठियां खानी पड़ रही हैं।
किसान जब खाद की मांग के लिए एवं अन्य मुआवजे की मांग कर रहे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूसरे प्रदेश जाना पड़ता है।

आखिर आजादी के इतने वर्षों बाद भी बिहार पिछड़ा क्यों है। वर्षों तक राज करने वाली सत्ताधारी पार्टी क्यों नहीं बिहार का विकास कर रही है।



पासवान ने कहा कि वर्तमान सरकार बिहार में किए गए विकास के पांच कार्य ही गिना दे। बिहार में अपराध चरम पर है। लोग घरों से बाहर निकलने में डरते हैं। पता नहीं किस अपराधी की गोली का शिकार हो जाएं।
Nawada: बच्चों को लेकर स्कूल जा रही बस के निकले दोनों पहिये, 200 मीटर तक घिसटती चली गई बस; टला बड़ा हादसा यह भी पढ़ें
अगर गोली का शिकार नहीं भी हुए तो जहरीली शराब से उनकी मौत हो जाएगी। बिहार में सुशासन का केवल ढ़िढोंरा पीटा जा रहा है।
अब समय आ गया है कि आगामी चुनाव में हम बिहार में विकास के लिए इनसे मुक्ति पाएं। हमें बिहार को बदलने का एवं उसे विकास की राह पर ले जाने का संकल्प लेना होगा।
मंच का संचालन आंबेडकर जागृति मंच के अध्यक्ष आसो पासवान ने किया। अध्यक्षता पूर्व मुखिया प्रत्याशी ललन पासवान ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार मुन्ना, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अयोध्या पासवान, राजेन्द्र प्रसाद साहू, प्रदेश सचिव प्रो. विष्णुदेव पासवान, लोजपा नेता उत्तम पासवान, समाजसेवी टुनटुन पासवान, राजू पासवान, सोनू पासवान, पैक्स अध्यक्ष सुबोध विश्वकर्मा, नागेश्वर पासवान, शिवालक पासवान सहित अन्य उपस्थित थे।



बुधौली के मंगर चौक के पास राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जमीनदाता पैक्स अध्यक्ष सुबोध विश्वकर्मा की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के संयोजक ललन पासवान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जिस समाज की स्थापना की उसमें सभी एकता के सूत्र में बंधे थे।
वर्तमान सरकार उन आदर्शों को दरकिनार कर समाज को बांटने का काम कर रही है। पकरीबरावां बाजार निवासी हार्डवेयर व्यवसायी सुरेंद्र प्रसाद वर्मा के आकस्मिक निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उनके पुत्रों एवं परिवार वालों को ढांढस बंधाया।

इसके बाद वे कचना मोड़ पहुंचे, जहां लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। महनाजीतपुर मोड़ सहित अन्य कई जगहों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।


अन्य समाचार