मधुबनी: पद्मा में पूर्व प्रमुख के घर डकैती, साढ़े चार लाख रुपये नकद समेत लाखों के जेवरात की लूट ले गए अपराधी



लदनियां (मधुबनी), संस। लदनियां थाना क्षेत्र में पद्मा गांव की भेड़ीहर टोल में स्थित पूर्व प्रमुख अरुण राउपाल के घर नकाबपोश अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया।
यह घटना शुक्रवार की रात लगभग 12.15 बजे से एक बजे तक घटी। बताया जा रहा है कि हथियार व बम से लैस 25-30 डकैतों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पूर्व प्रमुख अरुण राउपाल के घर डकैती करने से पहले डकैतों ने मोहल्ले में प्रवेश करते ही पूर्व मुखिया कपिलदेव साफी के घर को बाहर से बंद कर दिया।

घर की महिलाओं व अन्य को धमकी भी दी। इसके बाद पूर्व प्रमुख के घर के प्रवेश द्वार पर लगे ग्रिल के दरवाजे को खंती और कुल्हाड़ी से तोड़कर घर में प्रवेश किया।
ग्रिल तोड़ने की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे गृहस्वामी अरुण राउपाल अपने भतीजे जीतेंद्र राउपाल के साथ बाहर निकले। बाहर निकलने पर देखा कि दर्जनों अपराधी घर में प्रवेश कर गए हैं। 
डकैतों ने गाली-गलौज व धमकी देते हुए उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी को थप्पड़ जड़ दिया। गृहस्वामी अपने भतीजे के साथ भीतर के दरवाजे से किसी तरह अपनी जान बचाते हुए भाग निकला।
बिहार: गंगा सागर एक्सप्रेस में यात्री की नींद में ही चली गई जान, चिकित्सक ने कहा- पांच घंटे पहले हो गई थी मौत यह भी पढ़ें
डकैतों ने अपने-अपने कमरे में सो रहे गृहस्वामी के पुत्र व पुत्रवधू और दामाद और पुत्री के साथ बच्चों को धमकी देते हुए कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
इसके बाद डकैतों ने चार कमरों में रखे तीन गोदरेज और दो ट्रंक को तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और साढ़े चार लाख नकद लूट लिए।
डकैतों ने 45 मिनट तक डकैती की घटना को अंजाम दिया। दहशत फैलाने के लिए डकैतों ने ताबड़तोड़ 12 बम विस्फोट किए, जिससे तीन लोग पुलकित पाल, सुखदेव पाल और सिकिंदर साफी मामूली रूप से जख्मी हो गए।
मधुबनीः बिहार से नेपाल तक प्रभु राम-माता सीता से जुड़े आस्था स्थल पर्यटन संग देते हैं पुण्य कमाने का सौभाग्य यह भी पढ़ें
डकैती की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू की। इसके बाद डकैत भाग निकले।
घटना स्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। गृहस्वामी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार सभी डकैत नेपाल के थे।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह घटनास्थल की जांच डाग स्क्वायड से कराई गई। लेकिन, कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।
हालांकि, उन्होंने दावा किया कि इस घटना को अंजाम देने में संलिप्त सभी अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य समाचार