Seikhpura Road Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट को रौंदा, दो किशोरी समेत तीन नाबालिग की मौत; एक घायल



शेखपुरा, जागरण संवाददाता। बिहार के शेखपुरा जिले के शेखपुरा-बरबीघा राष्ट्रीय उच्च पथ पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट बाइक को रौंद दिया, जिसमें दो किशोरी और एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य किशोर गंभीर रुप से घायल है। 
घायल को इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया है। रविवार की सुबह तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक किशोर की जेब से एक पुराना पहचान पत्र मिला है, जिसमें मनोहर कुमार नाम लिखा है। यह हादसा जिला के बरबीघा थाना क्षेत्र के लालूनगर के पास हुआ। 

पुलिस के मुताबिक, घायल और मृतक किशोर-किशोरियां किसी आर्केस्ट्रा ग्रुप से जुड़े हो सकते हैं। हादसे का शिकार बुलेट बाइक सवार औरंगाबाद जिले का बताया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आर्केस्ट्रा में काम करने वाली किशोरियां शेखपुरा में किराया का मकान लेकर रह रही थी। सभी शनिवार की रात किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलेट बाइक से जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। 

अन्य समाचार