नवादा: रूपौ थाना क्षेत्र में देर रात किशोर की गोली मारकर हत्या, बेनीपुर टांड पर मिली लाश से इलाके में दहशत



संवाद सूत्र, रोह/पकरीबरावां, नवादा। पकरीबरावां पुलिस अनुमंडल के रूपौ थाना क्षेत्र में एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की देर रात की बताई जाती है।
मृतक 17 वर्षीय सन्नी कुमार मानसागर गांव निवासी अरविंद कुमार साव का पुत्र है। घटना से आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों ने मानसागर गांव के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

घंटों मशक्कत के बाद जाम को हटाया गया। स्थानीय थाने की पुलिस पर लोग सीधे तौर पर अपराध को रोकने में विफल रहने का आरोप लगा रहे हैं।
इस बीच शुरुआती जांच-पड़ताल के क्रम में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मृतक सन्नी शादी-विवाह में गाड़ी सजाने का काम करता था। शनिवार को गाड़ी सजाने रूपौ बाजार गया था।
ऑपरेशन के ढाई घंटे बाद महिला की मौत, स्वजन का हंगामा; आरोप- लापरवाह एएनएम ने इंजेक्शन लगाने के लिए पैसे मांगे यह भी पढ़ें
देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन द्वारा उसकी काफी खोजबीन की गई। सुबह बेनीपुर गांव के टांड पर उसकी लाश मिली। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के स्वजन और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाल के दिनों में थाना क्षेत्र में हत्या की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। 
नसबंदी कराने के बाद दर्द से तड़पने लगी महिला, नर्स ने इंजेक्शन लगाने के लिए मांगे पैसे; ढाई घंटे बाद मौत यह भी पढ़ें
इसके बावजूद पुलिस का खौफ अपराधियों में नहीं दिखता है। इधर, सूचना के बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
घटनास्थल से गोली का खोखा व शराब बरामद हुए हैं। मामले की पुलिस जांच कर रही है। अपराधी को किसी भी सूरत में पुलिस नहीं बख्शेगी। बहुत जल्द बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार करेगी।  -महेश चौधरी, पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी, पकरीबरावां नवादा।

अन्य समाचार