तमिलनाडु में बिहार के युवक की हत्या, मछली की दुकान में करता था काम; तमिल लड़की से की थी शादी



संवाद सहयोगी,जयनगर (मधुबनी)। देवधा थाना क्षेत्र के पिठवाटोल इनरवा वार्ड नंबर-नौ निवासी रामभजन मुखिया के 30 वर्षीय पुत्र शंभू मुखिया की तमिलनाडु के पल्लीपालम में हत्या कर दी गई।
बीती पांच मार्च को हुई इस वारदात का कारण स्पष्ट नहीं है। शंभू मछली खरीदने के लिए बाजार गया हुआ था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
शंभू मुखिया विगत 15 वर्षों से तमिलनाडु के तिरपुर स्टेशन से 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पल्लीपालम स्थित एक मछली दुकान में काम करता था।

मृतक के बड़े भाई सोनम मुखिया ने बताया कि उनके दो छोटे भाई मिथिलेश मुखिया और शंभू मुखिया वहां काम करते थे। मिथिलेश मुखिया गत 27 फरवरी को अपने एक भतीजे 10 वर्षीय आकाश मुखिया के साथ गांव आ गया था।
शंभू मुखिया ने वहीं पर लगभग 12 वर्ष पहले एक तमिल लड़की सरनिया देवी (शादी के बाद का नाम) से शादी की थी। पांच मार्च रविवार की सुबह मोबाइल पर सूचना मिली कि शंभू मुखिया की हत्या कर दी गई है।
मधुबनी: जयनगर में दो पक्षों के झगड़े को सुलझाने गए चौकीदार से मारपीट में दो गिरफ्तार, 11 लोगों के खिलाफ FIR यह भी पढ़ें
मृतक की पत्नी ने स्वजन को बताया कि शंभू मुखिया पांच मार्च की सुबह मछली खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान उपद्रवी ने शंभू मुखिया के हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे हाथ की नस कट गई।
अत्यधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही शंभू ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर वहां की पुलिस ने स्वजन को सौंप दिया।
इस घटना से परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी स्वजन को वहां आने से मना कर रही है। सोनम मुखिया ने बताया कि अखबार में दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर जब संपर्क स्थापित किया गया तो कहा गया कि मामले की जांच की जा रही है।
Madhubani: मिथिला की पारंपरिक 84 कोसी मध्यमा परिक्रमा हुई पूरी, जनकपुरधाम में उड़ा रंग-गुलाल; शुरू हुई होली यह भी पढ़ें
सोनम मुखिया के मुताबिक हत्या के कारणों का कुछ भी पता नहीं चल सका है। मृतक की पत्नी अपने आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार मुखिया के साथ अपने पति के अंतिम क्रियाकर्म में जुटी है।
यहां रह रहे दो बड़े भाई सोनम मुखिया और मिथिलेश मुखिया माहौल ठीक होने पर वहां जाने को लेकर विचार कर रहे हैं। मृतक शंभू मुखिया का पुत्र आकाश कुमार मुखिया अपनी दादी पलटी देवी के साथ रह रहा है।
मृतक के भाई ने बताया कि इस घटना से देवधा थानाध्यक्ष, मुखिया और अंचल कार्यालय को अवगत कराकर मदद की गुहार लगाई। लेकिन, सभी ने घटना तमिलनाडु में होने की बात कही।
Madhubani: बाबूबरही से चोरी की गई बोलेरो पिकअप समस्तीपुर से बरामद, दो चोर गिरफ्तार यह भी पढ़ें
देवधा थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना का वे सत्यापन कराएंगे। जयनगर एसडीओ बेबी कुमारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में उन्हें अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। इस घटना के संबंध में स्वजन से आवेदन मिलने पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार