उत्तराधिकारी के लिए पड़ोसी का घर झांक रहे नीतीश, बिहार बर्बाद करने वालों को नहीं सौंपने देंगे सत्ता: कुशवाहा



जागरण संवाददाता, शेखपुरा: पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राज्य को गिरवी रखने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
विरासत बचाओ नमन यात्रा के दौरान बुधवार देर रात शेखपुरा पहुंचे कुशवाहा एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपना उत्तराधिकारी चुनने के लिए मुख्यमंत्री को अपना घर और अपना (अपनी पार्टी और समर्थक) परिवार देखना चाहिए, लेकिन वे उस पड़ोसी (राजद) का घर निहार रहे हैं, जिसने बिहार को बर्बाद कर दिया।

उपेंद्र कुशवाहा बुधवार रात करीब आठ बजे शेखपुरा पहुंचे। यहां पहुंचने पर जगह-जगह कुशवाहा का भव्य स्वागत किया गया। कुशवाहा ने सरदार पटेल की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सभा को संबोधित किया और फिर लखीसराय व मुंगेर के लिए रवाना हो गए।
नीतीश कुमार की राजद नेता तेजस्वी यादव को नेतृत्व सौंपने वाली घोषणा पर तल्ख प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जिन सामाजिक समूहों ने समता पार्टी को खड़ा किया। नीतीश अब उसी नींव को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं, जोकि हम होने नहीं देंगे। नीतीश को अपनी पार्टी में से किसी लव-कुश, अति पिछड़े को उत्तराधिकारी बना सकते हैं, लेकिन वे ऐसा करेंगे नहीं।

कुशवाहा ने नीतीश कुमार को खाली डिब्बा बताते हुए उनकी राजनीतिक सोच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नीतीश पर अब गुस्सा नहीं, दया आती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता खासकर नौजवान, किसान, मजदूर और विद्यार्थी हमारे साथ हैं। हम नीतीश कुमार की इस साजिश को सफल होने नहीं देंगे। बिहार को बचाने के साथ ही उसे ​बनाना भी है।

अन्य समाचार