Bihar: शेखपुरा में गोली लगने से युवक की मौत, एकलौते पुत्र की हत्या से कोहराम; रातभर घर से बाहर था मृतक



शेखपुरा, जागरण संवाददाता। रविवार की सुबह जिले के कोरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरमा गांव में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान कोरमा गांव निवासी बच्चन सिंह के इकलौते 20 वर्षीय पुत्र विपुल कुमार के रूप में की गई। युवक के पेट में नाभि के नीचे गोली लगी हुई है। गोली लगने के बाद सदर अस्पताल में युवक को लाया गया, जहां उसकी मौत हुई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के चचेरे भाई वैभव कुमार ने बताया कि रात में विपुल घर नहीं आया। वह गांव में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। सुबह में परिवार के लोगों को सूचना मिली कि उसे गोली लग गई है। सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उसने बताया कि लगातार कोरमा थाना के अध्यक्ष को कॉल किया गया परंतु मोबाइल रिसीव नहीं किया गया फिर पुलिस अधीक्षक को फोन करने के बाद शेखपुरा के पुलिस पहुंची है। बताया कि किस ने इस घटना को अंजाम दिया और कैसे यह घटना हुई है परिवार के लोगों को कुछ भी जानकारी नहीं है।

उधर, इस संबंध में कोरमा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है। गोली लगने के कारणों का पता नहीं चल रहा है। पुलिस छानबीन कर रही है। अभी तक कोई प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया गया है। वहीं सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

अन्य समाचार