Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला, जमादार समेत छह पुलिसकर्मी घायल



संवाद सूत्र, पीपराकोठी (पूर्वी चंपारण)। पीपराकोठी थाना क्षेत्र के झखरा उपराटी में बुधवार की रात रंगदारी मांगने के आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस घटना में एक जमादार सहित पुलिस के छह से अधिक जवान घायल हो गए।
इस मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पीपराकोठी थाना क्षेत्र के झखरा गांव निवासी सेवानिवृत्त सेना के जवान श्याम किशोर सिंह ने बीते पांच मार्च को 30 लाख की रंगदारी मांगने व धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पीड़ित ने मामले में जगन सहनी, रियायत सहनी, मुन्ना सहनी, मालती देवी, नवल साह, जगन साह व मुखलाल साह सहित 10 लोगों को नामजद बनाया था।
वहीं, छह मार्च को सेवानिवृत्त जवान की पुत्रवधू अनुपमा कुमारी ने भी प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें उन्होंने कहा कि वह अपने ससुर के लिए दवा खरीदने पीपराकोठी चौक पर गई थी। आरोपितों ने उनसे रंगदारी की मांग की।
अनुपमा एनआरआइ विक्रम सिंह की पत्नी हैं। इस तरह सभी आरोपयों पर दो मामले दर्ज हैं। सभी फरार चल रहे हैं। जगन सहनी, रियायत सहनी, मुन्ना सहनी, मालती देवी के घर पर होने की सूचना पर बुधवार की रात पुलिस छापेमारी करने पहुंची। पुलिस ने दरवाजे से जगन को गिरफ्तार कर लिया।

इसी बीच असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडे के साथ पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इसमें जमादार रतन गगोई सहित छह पुलिस के जवान घायल हो गए। हालांकि, पुलिस बल की संख्या ज्यादा होने से तुरंत स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया। जगन के अलावा मालती देवी, नितेश कुमार व मुन्ना को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


अन्य समाचार