Rohtas में दो सिपाही सेवा से बर्खास्त, एक 386 दिनों से गायब तो दूसरा छेड़खानी का दोषी; ASI पर भी लटकी तलवार



सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। रोहतास जिले में पदस्थापित दो सिपाहियों को कर्तव्यहीनता आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एक एएसआइ की बर्खास्तगी की अनुशंसा डीआइजी से की गई है। एसपी विनीत कुमार ने बताया कि सेवा से बर्खास्त होने वाले सिपाहियों में सुनील कुमार तथा मनोज कुमार यादव शामिल हैं, सहायक अवर निरीक्षक नरेश कुमार चौधरी के बर्खास्तगी की अनुशंसा शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा से की गई है।

एसपी ने बताया कि सिपाही सुनील कुमार छह दिनों के स्वीकृत अवकाश के बावजूद 386 दिनों से ड्यूटी से बिना सूचना के गायब हैं। वहीं, सिपाही मनोज कुमार यादव बिक्रमगंज में एक छात्रा से छेड़छाड़ के दोषी हैं। इनके ऊपर बिक्रमगंज थाने में पोक्सो एक्ट में मामला भी दर्ज है। इसी आलोक में इनको सेवा से बर्खास्त किया गया है।
एएसआइ नरेश कुमार चौधरी पर बालू लदे ट्रकों से पैसा वसूलने के आरोप के बाद कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए। काराकाट थाने के वर्ष 2017 के अभियुक्त होने की वजह से इनकी बर्खास्तगी अनुशंसा वरीय अधिकारियों से की गई है। एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि काम करने वाले पुलिसकर्मियों को अपनी गलतियां सुधारने का भरपूर मौका दिया जाएगा।
Rohtas: रोहतास में आंध्र प्रदेश के पर्यटकों की बस हादसाग्रस्त, ट्रक को पीछे से मारी टक्कर, चालक समेत आठ जख्मी यह भी पढ़ें
वहीं, विपरीत आचरण करने वाले तथा भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि लगातार उनके द्वारा जिले के पुलिस थानों व पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा गहनता से की जा रही है। दोषी पुलिस पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण भी पूछा जा रहा है। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार