Nawada News: नवादा में छत पर खेल रहे बच्चे को करंट लगने से हुई मौत, परिवार में पसरा मातम



संवाद सूत्र, रजौली (नवादा)। थाना क्षेत्र के बौढ़ी गांव में छत पर खेल रहे बच्चे की मृत्यु करंट लगने से हो गई।
बच्चे के परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर लगभग 4 बजे बच्चा छत पर खेल रहा था।
इसी दौरान छत के ऊपर से गए बिजली के नंगे तार से स्पर्श हो गया। बच्चे को बिजली के झटके लगने के बाद परिजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक सह प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि करंट लगने के बाद बच्चे की मृत्यु अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही हो गई थी।

परिजन मृतक बच्चे का शव लेकर वापस घर लौट गए। हालांकि, मृतक बच्चे की पहचान डीह रजौली निवासी जितेंद्र राजवंशी के लगभग सात वर्षीय पुत्र रिंटू कुमार के रूप में हुई है।
मृतक बच्चे के पिता ने बताया कि छठ पर्व को लेकर उसकी पत्नी गुड़िया देवी बच्चों के साथ अपनी भाभी के मायके बौढ़ी गई हुई थी।
छत पर खेलने के दौरान विद्युत स्पर्श से जोरदार झटका लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
आर्मी जवान के साथ मारपीट मामले पर पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल, शाहपुर थाने के सिपाही पर बदसुलूकी करने का है आरोप यह भी पढ़ें
वहीं, बच्चे की मौत के बाद परिवारजन में मातम पसर गया। साथ ही बच्चे की मां व पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।

अन्य समाचार