Bihar: नालंदा में भी शोभायात्रा पर पथराव-आगजनी, फायरिंग में सात घायल, उपद्रवियों ने दुकानें फूंकीं



जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। बिहार के सासाराम में हिंसा के बाद नालंदा में भी शोभायात्रा पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई है।
रामनवमी के दूसरे दिन बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद द्वारा आयोजित शोभायात्रा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इसके बाद कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें सात लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं।
एक यात्री बस सहित दर्जन भर छोटे-बड़े वाहन के अलावा तकरीबन आधा दर्जन दुकानों में उपद्रवियों ने आग लगा दी और तोड़फोड़ की।

इसके बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, लहेरी थाना क्षेत्र के गगन दीवान मोहल्ले के समीप कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक शोभायात्रा पर पथराव कर दिया। जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इसके बाद भरावपर स्थित एशिया होटल के समीप भी बदमाशों ने जमकर उपद्रव किया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की सूचना मिल रही है। पूरे शहर में अफवाह का माहौल है।
बिहार शरीफ: अस्पताल परिसर में एंबुलेंस चालक की हत्या, शव को पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर टांगा; मचा हड़कंप यह भी पढ़ें
डीएम शशांक शुभंकर व एसपी अशोक मिश्रा मौके पर कैंप कर रहे हैं। घटना की सूचना आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। फिलहाल माहौल नियंत्रण से बाहर है।
फायरिंग में घायल होने वालों में नवी नगर निवासी निशांत कुमार, मंसूर नगर निवासी करण कुमार, शेरपुर बाजार निवासी छोटे नारायण, मंसूर नगर निवासी आकाश कुमार, अस्थावां निवासी कुंदन कुमार, महल पर निवासी गोलू कुमार व बेलछी निवासी पीयूष कुमार शामिल है।

पीयूष कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है और भी लोगों के घायल होने की सूचना मिल रही है। डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि माहौल को नियंत्रित किया जा रहा है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उपद्रवियों पर लगातार नियंत्रण रखा जा रहा है।

अन्य समाचार