Sheikhpura: शराब के अड्डे पर छापा मारने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, गोलीबारी और पत्थरबाजी में 2 जवान जख्मी



शेखपुरा, जागरण संवाददाता। शेखपुरा के नीरपुर गांव में देर रात शराब कारोबारियों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी के लिए गई थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। शराब कारोबारी द्वारा दो राउंड फायरिंग, पत्थरबाजी के साथ लाठियां भी चलाई गई। इस हमले में  उत्पाद विभाग के दो जवान बुरी तरह घायल हो गये। 
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव में शुक्रवार की आधी रात को उत्पाद विभाग की टीम देसी शराब के अड्डे पर छापेमारी करने गई थी। इस दौरान देसी शराब निर्माताओं के द्वारा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया। जबरदस्त पत्थरबाजी की गई। दो चक्र गोलियां भी चलाई गई। पत्थरबाजी में दो पुलिस के जवान जख्मी हुए। घायल जवान को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

घटना की जानकारी उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार ने देते हुए बताया कि नीरपुर गांव में देसी शराब बनाने और बेचने की गुप्त रूप से सूचना मिली। इस पर उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी करने गई। इसी दौरान कारोबार से जुड़े लोगों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया, जिसमें 2 जवान जख्मी हुए हैं। घायल जवानों को वहां से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जवान को गंभीर चोट लगी है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है ।

अन्य समाचार