शेखपुरा में दो युवकों को हत्या: एक को अदालत से लौटते समय मारी गोली, दूसरे को चचेरे भाई ने सोते समय चाकू घोंपा



जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शनिवार को दोपहर बाद अपराधियों ने बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान शेखपुरा शहरी क्षेत्र के पथलाफार गांव निवासी फुदन यादव (32) के रूप में हुई है। यह घटना दोपहर बाद शहर के हसनगंज रेलवे क्रासिंग के पास हुई। हत्यारे घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से भाग गए। शेखपुरा थाना के एसएचओ विनोद राम ने बताया शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। कुछ वर्ष पूर्व गांव में मथुरा यादव की हत्या हुई थी,जिसमें फुदन यादव और कुंदन यादव नामजद थे। उसी मामले में फुदन शनिवार को शेखपुरा अदालत आए थे। अदालत से घर लौटने के क्रम में पहले से घात लगाए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। मृतक फुदन के साथ बाइक पर उसकी बहन रेखा देवी भी सवार थी,जिसे बदमाशों ने छोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक इस घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष के बयान पर प्राथमिकी होगी। मामले की जांच के लिए पुलिस मृतक फुदन यादव के साथ बाइक पर सवार उनकी बहन से पूछताछ करके घटना की जानकारी ले रही है। इधर, सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया फुदन अपने सहयोगी के साथ अदालत से निकलकर वापस घर जा रहा था,तभी हसनगंज रेलवे क्रासिंग के पास पीछे से दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों ने पीछा करके फुदन को रोका। रोकते ही बदमाशों ने दनादन दो गोली फुदन पर दाग दी और कुसुंभा की तरफ भाग गए। बाद में लहूलुहान फुदन को निकट के सदर अस्पताल लाया गया,जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बदमाशों का यह दुस्साहस पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

छूरा घोंपकर चचेरे भाई की हत्या
शुक्रवार की आधी रात बगल के घर की दीवार फांदकर सोये चचेरे भाई की छूरा घोंपकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार की रात एक बजे सदर प्रखंड और कोरमा थाना के मुरारपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सिकंदर कुमार के रूप में हुई है। इस दौरान घर वालों में हत्यारे जितेंद्र कुमार को पकड़ कर कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस क्रम में जितेंद्र भी घायल हो गया,जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पावापुरी रेफर कर दिया गया है। जितेंद्र रांची में रहता है और इंदौर में रेलवे में कनीय अभियंता है। मृतक सिकंदर और आरोपित जितेंद्र अपना चचेरा भाई के साथ मौसेरा भाई भी है। दोनों का ननिहाल बगल के पुरनकामा है। कोरमा के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया दोनों के बीच भूमि का विवाद है। जितेंद्र शुक्रवार को ही रांची से घर आया था। रात लगभग एक बजे दीवार फांदकर सिकंदर के घर घुस गया और सोये अवस्था में छूरा से सिकंदर पर वार कर दिया। सिकंदर के चिल्लाने पर घर के बाकी लोग जागे और जितेंद्र को भी पकड़ लिया। घायल सिकंदर को रात में ही सदर अस्पताल लाया गया,जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जितेंद्र के पास से खून से साना छूरा भी बरामद किया गया है। मृतक के भाई धीरज कुमार के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।


अन्य समाचार