महज छह छुर जमीन के लिए गोलीबारी: पहले कहासुनी, झड़प और फिर गोलीबारी, 3 की मौत, 5 घायल



संवाद सहयोगी, खुटौना: खुटौना प्रखंड के लौकही थाना क्षेत्र के सोहरवा गांव में छह धुर जमीन को लेकर चल रहे विवाद में दो पट्टीदार के बीच गोलीबारी हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान सोहरवा गांव के 38 वर्षीय प्रभाष यादव, 35 वर्षीय नवल यादव और व माधोपुर पंचायत के मुखिया अरविंद गुरमैता की माता बिजली देवी (65 वर्ष) के तौर पर हुई है। घायलों में मृतका बिजली देवी के पति राम प्रसाद गुरमैता के अलावा रवींद्र यादव, रोशन निजपुरिया, मृतक प्रभाष यादव के पिता राम वल्लभ यादव और लक्ष्मी यादव शामिल हैं। चार जख्मी का इलाज के खुटौना पीएचसी में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल रवींद्र यादव को मधुबनी सदर अस्पताल भेज रेफर कर दिया गया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया है।

घटना को लेकर लौकहा थाना पुलिस दो पट्टीदार के तीन महिलाओं से पूछताछ कर रही है। दिन-दहाड़े तीन हत्या को लेकर सोहरवा और इसके आसपास के गांव में दहशत का माहौल बना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छह धुर जमीन को लेकर पहले से चली आ रही दोनों पाटीदार के बीच पहले कहा-सुनी हुई। फिर कुछ ही समय में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दोनों पट्टीदार के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। घटना में रॉड, डंडा का भी उपयोग किया गया। घटनास्थल पर फुलपरास एसडीपीओ प्रभात कुमार शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार, लौकहा थानाध्यक्ष संतोष कुमार मंडल, खुटौना थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, लौकही थाना अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, ललमनिया ओपी के अमृतलाल बर्मन पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे का है।


सोहरवा की घटना में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फुलपरास एसडीपीओ के नेतृत्व में संलिप्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। फिलहाल, वहां विधि व्यवस्था की कोई गंभीर समस्या नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है। लगातार निगरानी रखी जा रही है।

- सुशील कुमार, पुलिस अधीक्षक मधुबनी


अन्य समाचार