Bihar Violence: सासाराम हिंसा मामले में 20 नामजद और 250 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, अब तक 57 गिरफ्तार



जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। रामनवमी जुलूस के बाद सासाराम शहर में हुई हिंसा के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। बुधवार का पूरा दिन शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी प्रकार के अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
पुलिस की 40 टीमें उपद्रवियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद नगर थाना क्षेत्र में कुल चार प्राथमिकी की गई हैं।
इसके साथ ही 20 नामजद तथा 250 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। इसमें से बुधवार तक 57 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी विनीत कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की संख्या बढ़ाकर 93 स्थान चिह्नित किए गए हैं। सभी 48 वार्ड में वार्ड सद्भावना समिति का गठन कर दंडाधिकारी के साथ दो अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया कराया गया है।
इस सद्भावना समिति का कार्य लोगों के बीच संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बहाल करने में सहयोग करना है। डीएम ने बताया कि प्रभावित इलाकों में वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में गश्त जारी है।
Bihar: सासाराम हिंसा में घायल युवक ने तोड़ा दम, मां की आंख की सर्जरी कराने आया था, बन गया उपद्रवियों का निशाना यह भी पढ़ें
इसमें महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को भी शामिल किया गया है। उनके व एसपी के द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया जा रहा है।
इसके अलावा असुरक्षा की भावना को दूर करने एवं विश्वास बहाली के लिए आम लोगों से वार्ता की जा रही है। अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी क्षेत्र भ्रमण करते हुए आम नागरिकों से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।
डीएम ने आग्रह किया कि किसी भी प्रकार के अफवाह पर विश्वास न करें। अफवाह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दें। डीएम ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य व शांतिपूर्ण है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार