Bihar: शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के फिर बिगड़े बोल, अमित शाह पर दिया विवादित बयान; इंदिरा गांधी पर की टिप्‍पणी



खगड़िया, जागरण संवाददाता: कटिहार जिले के बरारी के पूर्व विधायक नीरज यादव के दाह संस्कार कार्यक्रम से मंगलवार को पटना लौटने के क्रम में राजद नेता व सूबे के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर कुछ देर के लिए खगड़िया राजद कार्यालय में रुके।
यहां उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के बयान (बिहार में महागठबंधन का खाता नहीं खुलेगा), पर कड़ी टिप्पणी की। उन्‍होंने कहा, ''यह बिहार की धरती है। लोगों को होश में रहना चाहिए। वे कहते हैं कि जहां हमारा राज है वहां दंगा नहीं होता है। इसका मतलब यह है कि जहां आप का राज नहीं है, वहां दंगा फैलाना चाहते हैं। इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। तड़ीपार लोग बिहार को प्रयोग स्थल बनाना चाहते हैं।''

प्रो. चंद्रशेखर यहां ही नहीं रुके। पत्रकारों से बात करते हुए बिना नाम लिए कहा कि 70 के दशक में एक तानाशाह ने देश को आपातकाल में झोंक दिया था, उस तानाशाह के खिलाफ भी बिहार ने ही गोलबंदी की थी। इस बात का गवाह लोकनायक जयप्रकाश नारायण का आंदोलन है।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लालू प्रसाद और नीतीश कुमार ने यहां के नेताओं को एकजुट कर तानाशाह के विरुद्ध आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि बिहार परिवर्तन की धरती है।
शिक्षा मंत्री ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि बिहार उनके लिए चैलेंज है। 2024 में यहां के लोग उनको सबक सिखाएंगे। यहां नफरत नहीं चलेगी, जब भी चलेगी तो मोहब्बत की राजनीति चलेगी।
बिहार ने दुनिया को ज्ञान देने का काम किया है। भगवान बुद्ध को यहीं ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। उन्होंने शिक्षक बहाली को लेकर कहा कि हमारा नेतृत्व संकल्पित है। एक से दो दिनों में शिक्षक बहाली को लेकर कुछ बड़ा होने वाला है।

2023 तक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में साढ़े चार लाख नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बरारी के पूर्व विधायक नीरज यादव के असामयिक निधन से राजद और पूरा महागठबंधन परिवार मर्माहत है।
इस मौके पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता ने कहा कि राजस्व विभाग में बहुत सारे पद रिक्त हैं। अभी चार हजार तीन सौ हल्का कर्मचारि‍यों की नियुक्ति हुई है।
स्पेशल सर्वे को लेकर 10 हजार अमीन की बहाली होगी। इस मौके पर राजद नेता और पूर्व नगर सभापति मनोहर कुमार यादव भी मौजूद थे।


अन्य समाचार