रोहतास: कोचस सीएचसी प्रभारी डा. विजय कुमार को अररिया पुलिस ने किया गिरफ्तार, पद के दुरुपयोग का मामला



संवाद सूत्र, कोचस (रोहतास)। कोचस के सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विजय कुमार को जख्म रिपोर्ट में छेड़छाड़ के मामले में गुरुवार को अररिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रोहतास पुलिस से अनुमति लेने के बाद अररिया पुलिस स्थानीय पुलिस के सहयोग से आज सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के चेंबर में प्रवेश कर उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया।

चिकित्सक को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें कोचस थाना लाया गया। जहां आवश्यक कार्यवाही के बाद अररिया पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
अररिया जिला के बौसी थाने से जुड़े एक मामले के आईओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डा. विजय कुमार 2018 में रानीगंज रेफरल अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे।
आरोप है कि वहां रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग कर उन्होंने एक जख्म प्रतिवेदन में छेड़छाड़ की थी। जिसे लेकर पीड़िता हिना कौसर ने उक्त थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

अररिया न्यायालय ने मामले को गंभीरता से देखते हुए पीड़िता के पक्ष को सही पाया। इसके बाद कई संगीन धाराओं के तहत चिकित्सक को दोषी पाए जाने पर कोर्ट द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
कोचस थानाध्यक्ष अमोद कुमार ने चिकित्सा पदाधिकारी डा. विजय कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि अररिया पुलिस ने चिकित्सक को गिरफ्तार कर आपने साथ ले गई है।

अन्य समाचार