Bihar: अरवल के पूर्व विधायक के बेटे की हत्या, अपराधियों ने गोलियों से भूना; मां ने पिता पर ही लगाया आरोप



औरंगाबाद/दाउदनगर, जागरण संवाददाता। अरवल के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह के पुत्र कुमार गौरव उर्फ दिवाकर की अपराधियों ने शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। अपराधियों ने हिच्छन बिगहा स्थित उनके घर के पश्चिम थोड़ी दूरी पर 35 वर्षीय दिवाकर को चार गोली मारी है।
जानकारी के अनुसार, दिवाकर के सीने में दो गोली, पीठ और पैर पर एक-एक गोली लगी है। पैर में गोली फंस गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। शव को अंत्य परीक्षण के लिए आधी रात के बाद ही जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

दिवाकर की मां उषा शरण ने बेटे की हत्या कराने का सीधा आरोप अपने पति पूर्व विधायक रविंद्र सिंह पर लगाया है। सदर अस्पताल औरंगाबाद में उषा ने बताया कि पूर्व विधायक ने अपने गांव के गुर्गों से हत्या कराई है। रात से ही पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। डॉग स्क्वायड की प्रतीक्षा की जा रही है। घटना के कारण गांव में दहशत है।
हिच्छन बिगहा गांव अरवल-औरंगाबाद जिला के सीमा पर स्थित है। दिवाकर के पिता रविंद्र सिंह अरवल जिला से दो बार विधायक रहे हैं। पुत्र की हत्या करवाने के आरोप के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पूर्व विधायक से हत्या के संबंध में जानकारी लेना चाहा तो वे फोन नहीं उठा रहे हैं। एसडीपीओ कुमार ॠषि राज ने बताया कि रात से ही पुलिस हत्या की जांच में लगी है। दिवाकर के मां के बयान का इंतजार कर रहे हैं। उनके आरोपों की तहकीकात की जा रही है। रात से ही पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

अन्य समाचार