रक्‍सौल: नेपाल में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प; पत्‍थरबाजी के बीच फायरिंग में एक की मौत, 3 घायल; 5 गिरफ्तार



रक्सौल ( पू. चंपारण), जागरण संवाददाता: नेपाल के गाढ़ीमाई नगरपालिका वार्ड आठ में भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जिला पुलिस कार्यालय रौतहट उपरीक्षक वीरबहादुर बूढामगर ने बताया कि भूमि को लेकर पूर्व से विवाद था। जिसको लेकर तू- तू मैं-मैं के बीच विवाद बढ़ गया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक पथराव के बीच गोली चलने लगी। इसमें गोली लगने से राजकुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए पर्सा जिला वीरगंज लाने के दौरान मौत हो गई।

वहीं, गोली लगने से रामप्रताप यादव, कपिलदेव राय यादव और निरंजन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका उपचार गहन चिकत्सा कक्ष में जारी है।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने संदेह के आधार पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से 12 बोर की देसी बंदूक मिली है।

अन्य समाचार