Bihar: पूर्वी चंपारण में शराब धंधेबाजों ने पुलिस इन्फॉर्मर को मारी गोली, घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल फरार



सिकरहना (पूर्वी चंपारण), संवाद सहयोगी। बिहार के पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब से अबतक 35 लोगों की मौत के बावजूद शराब तस्करों का मनोबल कम नहीं हुआ है। शराब के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच अवैध शराब के धंधेबाजों ने ढाका थाना के महुआवा गांव में सोमवार की देर रात पुलिस इन्फॉर्मर को गोली मार दी।
घटना सोमवार की रात करीब 2ः30 बजे की है। पुलिस को सूचना देनेवाले युवक (पुलिस इन्फॉर्मर) को शराब तस्करी के विवाद में गोली मार दी। जख्मी महुआवा गांव निवासी शंभु पासवान के बारे में बताया गया है कि वह पहले ढाका थाना में एसपीओ के तौर पर काम कर रहा था। हालांकि, आगे चलकर वह पद समाप्त हो गया।

इस बीच शंभू इलाके में होनेवाली गतिविधियों से थाने को अवगत करवाता है। इससे इलाके के शराब माफिया उससे नाराज चल रहे थे। सोमवार की रात जब गांव के सभी लोग सो गए तब माफियाओं ने शंभू को टारगेट किया। उसके घर पर जाकर उसे गोली मारी। जख्मी को पेट में गोली लगी है। घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष मुकेशचंद्र कुंवर ने जख्मी को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी के छतौनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
Bihar Hooch Tragedy: पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब से अबतक 30 की मौत, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज; कई निलंबित यह भी पढ़ें
युवक के पेट से गोली निकाल दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि शंभू पासवान का विवाद शराब के अवैध धंधेबाज विजय सहनी व अन्य कारोबारियों से सोमवार की शाम में विवाद हुआ था। उसी विवाद में धंधेबाजों ने शंभू को गोली मार दी। पुलिस का दावा है कि घटना को अंजाम देनेवालों को चिन्हित कर लिया है। आरोपितों की खोज की जा रही है। सभी सीमावर्ती नेपाल में जाकर छिप गए हैं। जख्मी के सामान्य होने के बाद बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Motihari Hooch Tragedy: जहरीली शराब से 8 और लोगों की मौत, मरनेवालों की संख्‍या 28 पहुंची; चार नए बीमार भर्ती यह भी पढ़ें
सिकरहना के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। शराब के अवैध धंधेबाजों ने गोली चलाई है। उनकी गिरफ्तारी अविलंब की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। उनकी खोज की जा रही है।

अन्य समाचार